Sunday Nov 1, 2026

SDRF के पुलिस महानिरीक्षक योगेंद्र सिंह रावत ने कहा-समन्वय व टीम भावना संग काम करें पुलिस कर्मी

चंपावत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मेलन में व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को भी सुना

देवभूमि टुडे

चंपावत। SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) के पुलिस महानिरीक्षक योगेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पुलिस बल के लिए संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं अनुशासन का खास महत्व है। आज 31 अक्टूबर को पुलिस लाइन में हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि आम लोगों के साथ शिष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखें।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मेलन में पुलिस कर्मियों से रूबरू होते IG योगेंद्र सिंह रावत।

IG रावत ने कहा कि पुलिस विभाग में हर अधिकारी-कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी कार्मिक अपने दायित्वों एवं जिम्मेदारियों को समझते हुए पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ काम करें। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।पुलिस कर्मियों को अपने कार्यों में निरंतर सुधार लाने, नई चुनौतियों के प्रति सजग रहने और धैर्य, विवेक एवं जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों के निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

सम्मेलन के दौरान IG ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को भी सुना। साथ ही यथासंभव समाधान के निर्देश भी दिए। सम्मेलन में SP रेखा यादव सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौजूद थे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.