टनकपुर सरस कार्बेट महोत्सव में पहुंचे ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी के बोल
बालिका जन्मोत्सव में भी लिया हिस्सा, स्टॉलों का किया निरीक्षण
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इस वर्ष शीतकालीन कॉर्बेट महोत्सव की थीम पर आयोजित महोत्सव का उद्देश्य प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। टनकपुर के सरस कॉर्बेट महोत्सव में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन संवर्धन के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति एवं उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चंपावत जिला लोकल से ग्लोबल की दिशा में आगे बढ़ रहा है।




उन्होंने विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मंत्री ने 17 पशु सखियों को मोबाइल फोन वितरित किए। साथ ही 6 स्वयं सहायता समूहों को सामूहिक उद्यम के लिए रीप योजना के अंतर्गत 6-6 लाख के अंशदान चेक दिए। साथ ही 3 महिलाओं को व्यक्तिगत स्वरोजगार के लिए 1-1 लाख की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने बाल विकास विभाग की पहल के अंतर्गत 25 बालिकाओं के साथ सामूहिक जन्म दिवस समारोह में सहभागिता की। मंत्री ने स्वयं बालिकाओं के साथ केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कहा कि सरकार बालिकाओं के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि राज्य के निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और आज प्रदेश को संवारने का कार्य भी मातृशक्ति ही कर रही है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ ‘वोकल फार लोकल’ अभियान को मजबूती देगा और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा,भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला उपाध्यक्ष मुकेश कलखुड़िया, गौरव सेनानी समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद, DM मनीष कुमार, CDO डॉ. जीएस खाती सहित कई लोग मौजूद थे।


© 2026. All Rights Reserved.