शारदा रेंज के जंगल में हाथी के हमले में खटीमा की 55 वर्षीय देवकी देवी की गई थी जान
पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर शारदा रेंज के जंगल में चारा लेने के दौरान हाथी के हमले में जान गंवाने वाली खटीमा की 55 वर्षीय देवकी देवी के परिजनों को वन विभाग की ओर से तीन लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक दिया गया।

हल्द्वानी के डीएफओ उमेश तिवारी ने मृतका के पति जवाहर सिंह को चेक दिया। श्रीपुर बिछुआ खटीमा निवासी देवकी देवी 30 अक्टूबर को अपने बेटे और कुछ अन्य महिलाओं के साथ हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज के सेनापानी जुबलीगंज बीट के कंपार्टमेंट संख्या 1 में चारा लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक हाथी ने हमला कर महिला को माैत के घाट उतार दिया। टनकपुर में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जिसके बाद वन विभाग ने 3 लाख रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है। डीएफओ उमेश तिवारी के मुताबिक कागजी कार्यवाही पूरी होने के बाद 7 लाख रुपये और दिए जाएंगे।
© 2026. All Rights Reserved.