भाजपा टनकपुर मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
गढ़वाल के पौड़ी और श्रीनगर के लिए भी बस सेवा शुरू करने की मांग की
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। भाजपा ने रोडवेज की नई बसों की मांग की है। इसके अलावा गढ़वाल के दो मार्गों पर बस सेवा संचालित करने का आग्रह किया है। इसे लेकर आज बुधवार को रोडवेज के सहायक मंडलीय प्रबंधक सुरेश पांडेय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है।


भाजपा की टनकपुर मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर का कहना है कि गढ़वाल मंडल के पौड़ी और श्रीनगर के लिए टनकपुर से रोडवेज की एक भी सीधी बस सेवा नहीं है। जबकि इन क्षेत्रों में जाने वाले विद्यार्थियों और अन्य लोगों के अलावा नेपाली यात्रियों की खासी तादात है। इससे उन्हें दुश्वारी झेलनी पड़ रही है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कुंवर का कहना है कि रोडवेज के टनकपुर डिपो के पास बसों की पर्याप्त संख्या नहीं है। डिपो को पहाड़ और मैदान के रुटों पर 40 से अधिक नई बसों की जरूरत है।
ज्ञापन में कहा गया है कि टनकपुर में न केवल रोडवेज का मंडलीय कार्यालय है, बल्कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। नेपाल से लगा होने से यहां पर्वतीय और नेपाली क्षेत्र के यात्रियों की तादात भी बहुतायत में है। लिहाज नई बसों के साथ गढ़वाल तक दो नई बस सेवा भी औचित्यपूर्ण है।
© 2026. All Rights Reserved.