Sunday Jun 14, 2026

संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन ने सीएम कैंप कार्यालय में ज्ञापन देकर मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी

रोडवेज के 3 हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मचारियों की नियमित नियुक्ति की मांग

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर रोडवेज के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी मुखर होने लगे हैं। आज 12 मई को संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने टनकपुर स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में ज्ञापन सौंप मांग पूरी नहीं होने पर 21 मई से टनकपुर में प्रदेश स्तरीय क्रमिक अनशन की चेतावनी दी है।

 

संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि रोडवेज के 3 हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। ज्ञापन में नियमितीकरण में संशोधन कर कट ऑफ डेट 2026 एवं विशेष श्रेणी कार्मिकों को नियमावली शामिल कर नियमित नियुक्ति देने की मांग की गई है। कहा कि मांगों पर अमल नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। 21 मई से टनकपुर में प्रदेश स्तरीय क्रमिक अनशन और 1 जून से आमरण अनशन शुरू करने का ऐलान किया गया है। कर्मचारी अवकाश लेकर इस आंदोलन में हिस्सा लेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की संगठन 2019 से कर्मचारियों के हकों को लेकर संघर्षरत हैं। 2022 में किए गए आंदोलन में क्षेत्र के तत्कालीन विधायक दिवंगत कैलाश गहतोड़ी के भरोसे पर आंदोलन खत्म किया गया था, लेकिन चार साल बाद भी सरकार ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया, जिससे कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर निश्चिंत रह सके। ज्ञापन देने वालों में सुनील कलौनी, नरेश अधिकारी, सतीश उप्रेती, राजेंद्र रावत, प्रकाश पांडेय, सचिन श्रीवास्तव आदि शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.