रोडवेज कर्मियों को नहीं मिला दो माह से वेतन
परिवहन मजदूर संघ ने दिया मंडलीय प्रबंधक को ज्ञापन
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। परिवहन निगम के कर्मी वेतन के लिए तरस रहे हैं। रोडवेज में कार्यरत विभिन्न श्रेणी के कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है। एक सप्ताह के भीतर वेतन नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इसे लेकर उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ ने आज 21 अगस्त को रोडवेज के मंडलीय प्रबंधक (संचालन) को ज्ञापन भेजा है।

संगठन के क्षेत्रीय मंत्री गौरव गुप्ता का कहना है कि दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के समक्ष आर्थिक संकट की नौबत आ रही है। इसके बावजूद निगम के चालक, परिचालक, तकनीकी एवं अन्य कर्मचारी विषम हालत में भी अपनी जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। लंबित वेतन का भुगतान तत्काल कराने एवं भविष्य में प्रत्येक माह निर्धारित समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।
© 2026. All Rights Reserved.