संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन ने रोडवेज के 3 हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मियों की नियमित नियुक्ति की मांग की
31 मई तक क्रमिक अनशन, फिर भी मांग नहीं माने जाने पर 1 जून से आमरण अनशन करने का ऐलान
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर रोडवेज के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी मुखर हो गए हैं। संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में आज 21 मई से टनकपुर में प्रदेश स्तरीय क्रमिक अनशन शुरू हो गया है।


कर्मचारियों ने कहा कि रोडवेज के 3 हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। नियमितीकरण में संशोधन कर कट ऑफ डेट 2026 एवं विशेष श्रेणी कार्मिकों को नियमावली शामिल कर नियमित नियुक्ति देने की मांग की गई है। 31 मई तक क्रमिक अनशन, फिर भी मांग नहीं माने जाने पर 1 जून से आमरण अनशन करने का ऐलान किया गया है। कहा गया कि कर्मचारी अवकाश लेकर इस आंदोलन में हिस्सा लेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की संगठन 2019 से कर्मचारियों के हकों को लेकर संघर्षरत है। 2022 में किए गए आंदोलन में क्षेत्र के तत्कालीन विधायक दिवंगत कैलाश गहतोड़ी के आश्वासन पर आंदोलन खत्म किया गया था, लेकिन चार साल बाद भी सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इससे कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हैं। अनशन में सुनील कलौनी, नरेश अधिकारी, सतीश उप्रेती, राजेंद्र रावत, प्रकाश पांडेय, सचिन श्रीवास्तव सहित कई कर्मी शामिल हैं।
© 2026. All Rights Reserved.