राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उतारनी-चढ़ानी होंगी सवारियां
चंपावत रोडवेज स्टेशन में सिटी सेंटर के निर्माण के चलते मंडलीय प्रबंधक ने जारी किया आदेश
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत रोडवेज स्टेशन में सिटी सेंटर का काम चल रहा है। काम के चलते रोडवेज की बसों को अब निर्माणाधीन स्थल के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाहर ही बाहर निकाले जाने के आदेश हो चुके हैं। इस आदेश के बाद अब रोडवेज बस की सवारियों को टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उतारा-चढ़ाया जाएगा।




सिटी सेंटर में हो रहे काम की वजह से अब रोडवेज की बसें अब स्टेशन के भीतर नहीं जाएंगी। ये आदेश मंडलीय प्रबंधक आलोक बर्नवाल ने दिए हैं। ऐसे में बसों को रोडवेज स्टेशन के बाहर टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कुछ देर के लिए खड़ा किया जाएगा। अलबत्ता अब यात्रियों को बसों की टाइमिंग की सही जानकारी देने की व्यवस्था भी प्रभावित होगी। रोडवेज के लोहाघाट के सहायक मंडलीय प्रबंबधक धीरज वर्मा ने बताया कि अब चंपावत से नैनीताल जाने वाली बस सुबह 7:30 बजे लोहाघाट से चल 8:00 बजे चंपावत पहुंचेगी। उधर निर्माण के चलते रोडवेज स्टेशन के भीतर और आसपास धूल से लोग परेशान हैं। कार्यदाई एजेंसी सीएनडीएस के जूनियर इंजीनियर दिनेश भट्ट का कहना है कि दिन में 3 बार पानी के छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं।
62 करोड़ से बन रहा सिटी सेंटर:
चंपावत। चंपावत रोडवेज स्टेशन में सिटी सेंटर का निर्माण 62.33 करोड़ रुपये से कराया जा रहा है। इस सिटी सेंटर में रोडवेज बस स्टेशन के अलावा पार्किंग, व्यावसायिक कांप्लेक्स, बरातघर, 6 वीआईपी अतिथि कक्ष और आधुनिक कार्यालय का निर्माण होगा। बेसमेंट में बनने वाली पार्किंग में 100 से अधिक वाहन खड़े हो सकेंगे। जबकि भूतल में एक साथ 15 बसों के खड़े होने के अलावा दुकानें, रेस्टोरेंट और रोडवेज का कार्यालय होगा। निर्माण कार्य डेढ़ साल में पूरा होगा।
© 2026. All Rights Reserved.