रोडवेज बस टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धौन में रोड पर खराब
20 से ज्यादा मुसाफिरों की घंटों की फजीहत
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। उत्तराखंड की पूरी सरकार और तमाम सरकारी आला अफसर आज 4 अक्टूबर को कैबिनेट बैठक के लिए चंपावत जिले के बनबसा में थे। प्रदेश के विकास के मद्देनजर कई बड़े फैसले मंत्रिमंडल की बैठक में लिए भी गए, लेकिन वहीं इसी दिन उत्तराखंड परिवहन निगम की बदहाली की एक तस्वीर भी चर्चा में है। रोडवेज बस खराब होने से यात्रियों को भी फजीहत झेलनी पड़ी।
उत्तराखंड परिवहन निगम की टनकपुर डिपो की टनकपुर से 235 किलोमीटर दूर धारचूला जा रही एक बस आज 4 अक्टूबर को टनकपुर से करीब 62 किलोमीटर दूर धौन के पास खराब हो गई। इससे बस में सवार 20 से अधिक मुसाफिरों को भारी दुश्वारी झेलनी पड़ी। काफी इंतजार के बाद यात्रियों को दूसरे वाहन से भेजा गया।
क्या कहते हैं अधिकारी:
टनकपुर से धारचूला जाने वाली रोडवेज की बस धौन के पास खराब हो गई। बस का प्रेशर पाइप फट गया था। बाद में लोहाघाट डिपो से मदद मिलने से यात्रियों को आगे भेजा गया।
सुरेश चंद्र पांडेय,
प्रभारी सहायक मंडलीय प्रबंधक
रोडवेज, टनकपुर।
2 दिन पहले भी खराब हुई थी बस:
चंपावत। रोडवेज की बस के खराब होने का आज 4 अक्टूबर का मामला इकलौता नहीं है। अभी 2 दिन पहले 2 अक्टूबर को लोहाघाट डिपो की लोहाघाट से 540 किलोमीटर पोंटा साहिब जाने वाली बस चंपावत स्टेशन आते-आते खराब हो गई थी। इससे 40 यात्रियों को फजीहत झेलती पड़ी थी। वैसे टनकपुर पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस साल अब तक रोडवेज की 174 से खराब हो चुकी हैं।
© 2026. All Rights Reserved.