टनकपुर नयागोठ के नागरिकों ने मुख्य मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने की मांग को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय और एसडीएम कार्यालय सौंपा ज्ञापन
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर के नयागोठ वार्ड नंबर 9 में संकरे रास्ते का चौड़ीकरण करवाने की नागरिकों ने मांग की है। नागरिकों का आरोप है कि कुछ लोगों के अतिक्रमण से इस रास्ते की चौड़ाई सिकुड़ गई है। इसे लेकर लोगों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय और एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है।
नागरिकों ने कहा कि शिशु मंदिर स्कूल के पीछे का एरिया 2017 में ग्राम नायकगोठ से हटकर नगर पालिका के परिसीमन में वार्ड नंबर 9 में शामिल हो गया था। कुछ साल पूर्व नयागोठ के मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण कर उसे 12 से 14 फीट बनाया गया था। लेकिन बाद में यह मार्ग महज 4 से 5 फीट रह गया है। रास्ता संकरा होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और ई-रिक्शा चालकों को परेशानी हो रही है। कहा कि बड़े वाहनों एवं एंबुलेंस आदि को ककरालीगेट से घूमकर पूर्णागिरी मार्ग से होते हुए नयागोठ में प्रवेश करना पड़ता है, जिससे काफी समय बर्बाद होता है।
ज्ञापन में कहा है कि मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान सभी वार्डवासियों ने एक से दो फीट तक जमीन दी थी, ताकि वार्ड का विकास हो और भविष्य में इस रोड का लाभ वार्ड के लोगों को मिल सके। ज्ञापन में संकरे मार्ग की चौड़ाई बढ़ाकर पूर्व की तरह 12 से 14 फीट करने की मांग की गई है। ज्ञापन में सभासद बबीता वर्मा, शुभम बहादुर, मीना देवी, मंजू देवी, विमला देवी, योगेश पांडेय आदि के हस्ताक्षर हैं।
© 2026. All Rights Reserved.