Thursday Oct 1, 2026

अंतर्राष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस

चंपावत जिले के सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के भविष्य को संवारने में जुटे सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी जनार्दन चिल्कोटी

जोश व जज्बे से समाज में दे रहे सकारात्मक संदेश

देवभूमि टुडे

चंपावत। वे Senior Citizen हैं। इस नाते बुजुर्ग की श्रेणी में भी आते हैं। लेकिन उनका जोश, जज्बा और सामाजिक रचनात्मकता उन्हें 'युवा बुजुर्ग' की कतार में खड़ा करता है। ये कोई पहेली नहीं, बल्कि 62 वर्ष के एक शख्सियत की खूबी है। बात हो रही है चंपावत के छतार निवासी भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी जनार्दन चिल्कोटी की।

SBI के मुख्य प्रबंधक पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले चिल्कोटी युवाओं को करियर मार्गदर्शन, उद्यमिता एवं कौशल विकास के लिए प्रेरित कर रहे हैं। युवाओं खासकर सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों के भविष्य को संवारने में योगदान दे रहे हैं। SBI ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) के चंपावत में निदेशक रहते हुए उन्होंने स्वरोजगार, उद्यमिता प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास जैसी गतिविधियों को विस्तार देने के साथ ही अब विद्यार्थियों को शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी देने के अलावा ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए शिरोमणि चिल्कोटी के बेटे जनार्दन चिल्कोटी निःशुल्क Online Career Counselling के जरिए बच्चों की राह आसान बनाने का प्रयास भी कर रहे हैं। शिक्षा के अलावा कुमाऊंनी भाषा के संरक्षण एवं संस्कृति में उनकी दिलचस्पी को देखते हुए उन्हें कुमाऊंनी भाषा साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति चंपावत जिले के संयोजक की जिमेदारी दी गई। साथ ही वर्तमान में रेडक्रॉस सोसायटी की चंपावत जिला इकाई की कार्यकारिणी सदस्य के साथ उन्हें सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। रेडक्रॉस के जरिए आपदा राहत में हिस्सेदारी कर पीड़ितों के दर्द को कम कर रहे हैं।

 

CM धामी आज दून में करेंगे सम्मान:

चंपावत/देहरादून। विविध सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए आज 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर जनार्दन चिल्कोटी सहित प्रदेश के 20 बुजुर्गों का सम्मान होगा। वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस (1 अक्टूबर) की संयुक्त राष्ट्र की थीम-दीर्घायु का युग: दीर्घ जीवन के अनुकूल होने के लिए प्रणालियों पर पुनर्विचार-है।

समाज सेवा करने वाले प्रदेश के इन 20 बुजुर्गों को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सम्मानित करेंगे। देहरादून से 8 एवं शेष 12 जिलों से 1-1 बुजुर्ग को सम्मानित किया जाएगा।समाज कल्याण विभाग द्वारा दिए जाने वाले सम्मान में जनार्दन चिल्कोटी सबसे कम 62 साल की उम्र में सम्मानित होने वाले व्यक्ति हैं। सम्मान की इस फेहरिस्त में सबसे उम्रदराज शख्स हरिद्वार के कैलाश चंद्र शर्मा 93 साल के हैं।

चिल्कोटी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक समाज के प्रति जिम्मेदारी को और संजीदगी से निभाने का अवसर है। कहते हैं कि आगे भी वे भविष्य में अपनी क्षमता एवं अनुभव का उपयोग सार्वजनिक सेवा के कार्यों में करते रहेंगे। चिल्कोटी ने इस सम्मान को अपनी दिवंगत मां वीरांगना मंदोदरी देवी को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि पिता के 1965 में शहीद होने के बाद मां ने ही कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और समाज सेवा, संवेदना, संघर्ष और मानवता के संस्कार दिए।

जनार्दन चिल्कोटी।

 

 

 






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.