Wednesday Jul 1, 2026

चंपावत लटोली के निवासी लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेंद्र जोशी को राष्ट्रपति ने परम विशिष्ट सेवा मेडल से अलंकृत किया

देवभूमि टुडे

चंपावत। लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेंद्र जोशी को उनकी असाधारण एवं विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए PVSM (परम विशिष्ट सेवा मेडल) से अलंकृत किया गया। चंपावत जिले के लटोली गांव के लेफ्टिनेंट जनरल जोशी को 29 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस सम्मान से अलंकृत किया।

लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी ने अपने दीर्घ सैन्य जीवन में श्रीलंका में ऑपरेशन पवन, पूर्वोत्तर भारत में आतंकवाद विरोधी अभियान, जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक सहित अनेक महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में प्रेरणादाई नेतृत्व किया। उन्होंने सेना की प्रतिष्ठित स्ट्राइक वन कोर के कमांडर और महू स्थित इन्फैंट्री स्कूल के कमांडेंट के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।

लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेंद्र जोशी को परम विशिष्ट सेवा मेडल से अलंकृत करतीं राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू।

इससे पहले उन्हें उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं के लिए AVSM (अति विशिष्ट सेवा मेडल) तथा सेना मेडल) से भी सम्मानित किया जा चुका है। परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित होना उनके अनुकरणीय नेतृत्व, अद्वितीय कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का सर्वोच्च सम्मान है।

DM मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि चंपावत मूल के लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेंद्र जोशी ने अपनी बहादुरी, अनुशासन और उत्कृष्ट सैन्य नेतृत्व से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह सम्मान सम्पूर्ण जिले के लिए गर्व का विषय है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.