मई से न्यायिक हिरासत में था आनंद सिंह महरा
नैनीताल उच्च न्यायालय ने मंजूर की जमानत अर्जी
देवभूमि टुडे
चंपावत/नैनीताल। नैनीताल हाईकोर्ट ने मई 2026 के बहुचर्चित चंपावत POCSO (लैंगिक अपराधों से बाल संरक्षण) अधिनियम और कथित सामूहिक दुष्कर्म की साजिश रचने के मामले में कांग्रेस नेता आनंद सिंह महरा की जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद जमानत दे दी है। कोर्ट ने यह फैसला तब सुनाया, जब निचली अदालत में चल रहे ट्रायल के दौरान नाबालिग पीड़िता ने अपने पूर्व के बयानों से पलटते हुए कहा कि आनंद महरा की इस मामले में कोई संलिप्तता नहीं है। 13 मई 2026 को गिरफ्तारी के बाद से न्यायिक हिरासत में बंद महरा की निचली अदालत से 23 मई और 6 अक्टूबर को जमानत याचिका खारिज हो चुकी थी। जिसके बाद हाईकोर्ट में दायर याचिका पर बयान कोर्ट के रिकॉर्ड में लाए जाने के बाद उन्हें राहत मिली है।

न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की एकल पीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। इस साल 5 मई की रात चंपावत में एक युवती गांव में एक शादी समारोह में गई थी, जहां दूध की डेयरी के पास वह नग्नावस्था में मिली थी और उसके हाथ-पांव बंधे हुए थे। इस संबंध में युवती के पिता ने 6 मई को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में पूरन रावत, विनोद रावत और नवीन रावत की संलिप्तता का अंदेशा जताया था, लेकिन मेडिकल जांच में युवती के साथ दुराचार व जबरदस्ती नहीं होने की पुष्टि हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि कमल रावत व उसकी महिला मित्र अर्जिता राय ने इस प्रकरण को एक साजिश के तहत सामूहिक दुराचार का रूप दिया था। जिस पर 8 मई को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान इस साजिश में आनंद सिंह महरा का नाम भी उजागर हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया था।
याचिकाकर्ता के खिलाफ POCSO अधिनियम की विभिन्न धाराओं व आपराधिक साजिश सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। याचिकाकर्ता आनंद सिंह महरा 13 मई से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। कोर्ट में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा एक ही घटनाक्रम को तोड़-मरोड़कर और द्वेषवश राजनीतिक व प्रशासनिक दबाव में याचिकाकर्ता को फंसाने के लिए एक से अधिक FIR दर्ज की गई हैं, जो स्थापित कानूनी सिद्धांतों के खिलाफ है। साथ ही कहा कि अभियोजन पक्ष द्वारा तैयार की गई पूर्व-नियोजित साजिश और बलात्कार के मामले की पूरी कहानी निराधार और राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने यह भी कहा कि याचिकाकर्ता क्षेत्र का एक सक्रिय सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता है, जिसने एक लापता युवती की खोज और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था में सोशल मीडिया व सार्वजनिक मंचों पर आवाज उठाई थी। इसी जनहित के कार्य और स्थानीय ग्राम प्रधान के चुनावों को लेकर चल रही पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण प्रशासनिक तंत्र का दुरूपयोग करके याचिकाकर्ता को इस झूठे केस में फंसाया गया है।
© 2026. All Rights Reserved.