'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत बाराकोट के रेगड़ू में लगे बहुउद्देशीय शिविर में 24 विभागों ने लगाए स्टॉल
मुख्य विकास अधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। 'सेवा पखवाड़ा' के अंतर्गत 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत आज 9 जुलाई को विकासखंड बाराकोट की ग्राम पंचायत रेगड़ू में जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। सीडीओ डॉ. जीएस खाती की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 24 विभागों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और 359 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से लाभांवित किया गया।
इस मौके पर लगे स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की निश्शुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवा भी वितरित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लाभार्थी निशा मेहता को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। कृषि विभाग ने कृषि योजनाओं की जानकारी एवं उपकरण उपलब्ध कराए। इसके अलावा विभिन्न प्रमाणपत्रों का निर्गमन, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने सहित अन्य समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। ग्रामीणों की समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों से जुड़े 51 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सड़क, पुल, मंदिर सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित प्रार्थना-पत्र शामिल थे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, प्रदेश मंत्री निर्मल सिंह माहरा, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख बाराकोट दरबान सिंह मेहता, एसडीएम नीतू डांगर, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।



जनप्रतिनिधियों ने रखी ये मांगें
जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ने बरदाखान-नदेड़ा लिंक मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया।
ग्राम राई रेगड़ू निवासी प्रकाश सिंह मेहता ने पारसनाथ महादेव मंदिर को पर्यटन मानचित्र में शामिल करने तथा मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग रखी। रमेश मेहता ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ लगाने, ग्राम प्रधान गीता मेहता ने खकोड़ा के सीम तोक में क्षतिग्रस्त मुख्य मार्ग के सुधारीकरण की मांग की।
धामी सरकार में हो रहा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान : दर्जा मंत्री पांडेय
विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित सेवा पखवाड़ा अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। इससे आमजन को घर के निकट ही विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
© 2026. All Rights Reserved.