3 दिन तक चलने वाले रीठा साहिब जोड़ मेले का मुख्य कार्यक्रम 30 जून को
तीर्थ यात्रियों से रीठा साहिब क्षेत्र की रौनक बढ़ी
देवभूमि टुडे
चंपावत/रीठा साहिब। चंपावत जिले के प्रमुख आध्यात्मिक स्थल चंपावत से 75 किमी दूर रीठा साहिब का जोड़ मेला कल 29 मई से शुरू होगा। मेले के लिए रीठा साहिब गुरुद्वार को सजाया गया है। बिजली की रोशनी से गुरुद्वारा जगमग कर रहा है। मेले का शुभारंभ सुबह ग्यारह बजे होगा। पाटी की एसडीएम नितेश डांगर ने बताया कि मेले की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं तीर्थयात्रियों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को भी एक हजार से अधिक यात्रियों ने गुरुद्वारे में मत्था टेका। इससे रीठा साहिब गुरुद्वारे के साथ ही समूचे क्षेत्र में खूब चहलपहल है।


दिल्ली के कार सेवा प्रमुख बाबा सुरेंद्र सिंह, वचन सिंह सहित कई वरिष्ठ आध्यात्मिक शख्सियत रीठा साहिब पहुंच चुकी हैं। रीठा साहिब गुरुद्वारा के बाबा श्याम सिंह मेले की व्यवस्थाओं पर निगरानी रखे हुए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित कई राज्यों से सिख संगत पहुंची है। दिनभर लंगर चला। कल सुबह से अखंड पाठ की लड़ी शुरू होगी। जिला पंचायत और अन्य विभागों का दावा है कि तीर्थयात्रियों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा चुकी है। पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन से लेकर पार्किंग तक सभी जरूरी बंदोबस्त करने के दावे किए गए हैं। मेले के सुरक्षा प्रभारी बनाए गए एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट मेले क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं।
© 2026. All Rights Reserved.