मानसूनी आपदाओं से निपटने, राहत व बचाव कार्यों के संचालन के लिए प्रशासन की तैयारी तेज
देवभूमि टुडे
चंपावत। मानसून अवधि (15 जून से 15 सितंबर तक) के दौरान आपदाओं से निपटने, राहत व बचाव कार्यों के संचालन के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। DM मनीष कुमार ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान से बचाव के लिए पूरी तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ने जिले की सभी पांचों तहसीलों में 15 जून तक QRT (त्वरित कार्यवाही दल) गठित कर नोडल अधिकारियों के नाम एवं संपर्क विवरण सहित अनुपालन आख्या की सूचना उपलब्ध कराने को कहा है। QRT के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के दल गठित किए जाएंगे, जिनमें राहत एवं बचाव दल, राहत वितरण, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण दल और जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण दल शामिल होंगे।

राहत एवं बचाव दल में SDRF, पुलिस, अग्निशमन विभाग, जल पुलिस, सेना, आपदा मित्र, मास्टर ट्रेनर, NCC, NSS, मेरा युवा भारत, भारत स्काउट एवं गाइड, आपदा सखी, भूतपूर्व सैनिक तथा अन्य प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को शामिल किया जाएगा। वहीं राहत वितरण एवं पुनर्निर्माण से जुड़े दलों में राजस्व, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पंचायत, नगर निकाय, लोक निर्माण, सिंचाई, जल संस्थान, विद्युत, ग्रामीण विकास एवं अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता होगी।
इसके अतिरिक्त जन-जागरूकता एवं पूर्व चेतावनी संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गठित दलों में पुलिस, राजस्व, सूचना, शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज विभाग तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों और युवा समूहों को शामिल किया जाएगा। हर QRT को प्रत्येक माह कम से कम दो बैठकें अनिवार्य रूप से कर उनकी कार्यवाही का अभिलेखीकरण करने को कहा गया है। साथ ही मानसून अवधि जून से सितम्बर तक प्रत्येक माह की 1, 11 एवं 21 तारीख को तहसील स्तरीय कोर ग्रुप की ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन बैठक आयोजित कर क्षेत्र में आपदा की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, राहत वितरण, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
© 2026. All Rights Reserved.