पूर्णागिरी धाम में बाल मुंडन में निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूली पर की गई कार्रवाई
मेला मजिस्ट्रेट एलएम तिवारी ने औचक मुआयना किया
ओवररेटिंग की पुष्टि के बाद की गई कार्रवाई
25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया
देवभूमि टुडे
चंपावत। मां पूर्णागिरि मेले में बाल मुंडन में मची अंधेरगर्दी को लेकर मीडिया में खबरें आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। मुंडन में निर्धारित दरों से 100 प्रतिशत ज्यादा रकम वसूले जाने के आरोप कुछ श्रद्धालुओं ने ऑन कैमरा लगाए थे। आज 27 मई को पूर्णागिरी धाम के मेला मजिस्ट्रेट एलएम तिवारी ने औचक मुआयने में आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद मेला प्रशासन ने नाई मुंडन ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के अलावा श्रद्धालुओं से की गई ओवररेटिंग वापस कराई।

बाल मुंडन में ओवररेटिंग का पिछले कुछ समय से आरोप लग रहा था। अलबत्ता कल 26 मई को इसे लेकर दो वीडियो सामने आए। जिसमें श्रद्धालुओं ने 100 प्रतिशत अधिक दाम वसूले जाने के आरोप लगाए थे। मेला मजिस्ट्रेट एलएम तिवारी ने आज 27 मई को औचक मुआयना किया। मामले की तस्दीक होने पर मुंडन ठेकेदार जितेंद्र सिंह महर पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसे लेकर मेला अधिकारी जिला पंचायत के एएमए कमलेश बिष्ट ने मुंडन ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। जुर्माने की राशि तीन दिन के भीतर जिला पंचायत कार्यालय में जमा करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही श्रद्धालुओं से की गई ओवर रेटिंग को भी वापस कराया गया।
मेला अधिकारी जिला पंचायत के एएमए कमलेश बिष्ट ने मुंडन ठेकेदार को निविदा और अनुबंध की शर्तों का पूर्व में भी कई बार उल्लंघन का दोषी पाया है। बताया गया कि पूर्व में भी ठेकेदार को इसे लेकर चेतावनी पत्र जारी किए गए थे। साथ ही प्रशासन ने दोबार ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर ठेकेदार की जमानत राशि जब्त कर अनुशासनिक कार्रवाई और ठेका तत्काल निरस्त करने की चेतावनी दी है।
© 2026. All Rights Reserved.