Tuesday May 19, 2026

पूर्णागिरी देवी दर्शन कर लौट रहे तीर्थयात्रियों की जीप टनकपुर एसबीआई के पास की रोड पर खड़ी पिकअप से टकराई

पीलीभीत के घायल श्रद्धालुओं को इलाज के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। मां पूर्णागिरी के दर्शन कर आ रहे श्रद्धालुओं की एक मैक्स जीप टनकपुर में भारतीय स्टेट बैंक तिराहे के पास एकाएक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पिकप से टकरा गई। हादसे में जीप में सवार 8 श्रद्धालु चोटिल हो गए। सभी घायल उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के थे। घायलों को उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां इलाज के बाद आज 18 मई के पूर्वान्ह सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताया गया है। जीप चालक ने यात्रियों का इलाज करवाया। तहरीर नहीं मिलने से पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।

घायल श्रद्वालु।

जानकारी के मुताबिक कल 17 मई की रात श्रद्धालुओं से भरी मैक्स जीप संख्या-(यूके 05 टीए-0635) सड़क किनारे खड़े पिकप वाहन से टकरा गई। टक्कर लगने से 8 श्रद्धालु घायल हो गए। आननफानन में सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घायलों में दर्शना (50) पत्नी रामपाल गंगवार, सोमवती (32) पत्नी हरपाल, रंजना देवी (28) पत्नी सूरज सिंह, काव्या (08) पुत्री सूरज कुमार, अनामिका (11) पुत्री गगनदीप, लक्ष्मी देवी (38) पत्नी गगनदीप, रामपाल गंगवार (18) पुत्र महिपाल और रंजीत (11) पुत्र हरपाल घायल हो गए। सभी घायल कल्याणपुर, जिला पीलीभीत के रहने वाले हैं। डॉ. मोहम्मद उमर ने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। इलाज के बाद सभी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.