Wednesday Mar 11, 2026

टनकपुर NHPC बैराज मार्ग पर अस्थाई दुकानें लगाने का मामला

प्रभावित दुकानदारों का ऐलान- '13 मार्च तक दुकानें लगने न दी तो फिर से करेंगे आंदोलन'

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। पूर्णागिरी मेला अवधि में टनकपुर NHPC बैराज मार्ग पर अस्थाई दुकानें लगाने को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं हो सका है। इसे लेकर बनी उहापोह के बीच कल 10 मार्च को CM कैंप कार्यालय में हुई वार्ता बेनतीजा रही। टनकपुर स्थित CM कैंप कार्यालय की ओर से आश्वासन दिया गया कि 13 मार्च को टनकपुर NHPC पावर स्टेशन के GM के टनकपुर आने के बाद वार्ता कर दुकानें लगवाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक करते दुकानदार।

कैंप कार्यालय में हुई वार्ता के बाद टनकपुर में सामाजिक कार्यकर्ता दीप चंद्र पाठक के आवास में हुई बैठक में दुकानदारों का कहना था कि 27 फरवरी से मेला शुरू होने के बावजूद अस्थाई रूप से दुकानों को लगाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस कदम से स्थानीय व्यापारियों और छोटे दुकानदारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि जब से शारदा बैराज पुल का निर्माण हुआ है, तब से मेला अवधि में उस जगह पर अस्थाई दुकानें लगती रही हैं। मगर इस बार दुकान लगाने में अड़चन लगाई जा रही है।

बैठक में ममता गंगवार, लीलावती, सीमा, प्रियंका, हरिओम गुप्ता, सोनू, लक्ष्मण आदि के सामूहिक नेतृत्व में निर्णय लिया गया कि 13 मार्च तक दुकानदारों के हित में फैसला नहीं होना पर प्रभावित दुकानदार फिर से आंदोलन करेंगे। दुकानदारों ने समाधान के बजाय मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से बार-बार मिल रहे आश्वासनों पर नाराज़गी जताई। सामाजिक कार्यकर्ता दीप चंद्र पाठक ने कहा कि वे पीड़ित दुकानदारों के हर संघर्ष में उनके साथ खड़े हैं। और दुकानों के न्यायपूर्ण समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास करते रहेंगे।

बता दें कि NHPC बैराज के पास अस्थाई दुकानों की मांग को लेकर प्रभावित दुकानदार 5 मार्च को NHPC के GM और 6 मार्च को CMD का पुतला भी फूंक चुके हैं। वहीं NHPC अधिकारियों की ओर से कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से अस्थाई दुकानें लगाई जाने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। अलबत्ता बैराज से 200 मीटर की दूरी पर अस्थाई दुकानें लगवाने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.