मां श्री पूर्णागिरी मंदिर समिति के नव निर्वाचित अध्यक्ष पंडित भुवन चंद्र पांडेय का ऐलान
विजयी होने के एक दिन बाद देवी दर्शन किए, समिति कार्यालय में हुआ स्वागत
देवभूमि टुडे
चंपावत/पूर्णागिरी धाम। मां श्री पूर्णागिरी मंदिर समिति के नव निर्वाचित अध्यक्ष पंडित भुवन चंद्र पांडेय ने कहा कि मां पूर्णागिरी मंदिर का नव निर्माण किया जाएगा। मूल ढांचे से किसी तरह की छेड़छाड़ के बगैर ये कार्य कराया जाएगा। निर्वाचित होने के एक दिन बाद आज 28 अक्टूबर को देवी दर्शन करने के बाद उन्होंने कहा कि देवी का मुख्य मंदिर का ऊपरी ढांचा काफी पुराना है, इसकी मरम्मत जरूरी है। मंदिर समिति उस दिशा में प्राथमिकता से काम करेगी। इससे पूर्व मंदिर समिति के कार्यालय में उनका स्वागत किया गया।
नव निर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि तीर्थ यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की भावना का पूरा ध्यान रखा जाएगा। भीड़ नियंत्रण और मेला क्षेत्र की सुरक्षा एवं तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। मेला क्षेत्र के लिए बेहतर पेयजल व्यवस्था और पंपिंग योजना के कार्य को तेजी से कराने का प्रयास होगा। सफाई, पर्यावरण सुरक्षा, यातायात व्यवस्था आदि को कारगर रूप दिया जाएगा। अध्यक्ष पंडित भुवन चंद्र पांडेय ने कहा कि मंदिर समिति पूर्णागिरी धाम की व्यवस्था को संवारने के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगी। इस मौके परमंदिर समिति के नवनिर्वाचित सचिव पंडित सुरेश तिवारी, उपाध्यक्ष पंडित नंद बल्लभ तिवारी और कोषाध्यक्ष पंडित गिरीश चंद्र तिवारी भी मौजूद थे।



फैसला शिरोधार्य: पंडित किशन तिवारी

चंपावत/पूर्णागिरी धाम। मां श्री पूर्णागिरी मंदिर समिति के 15 साल तक अध्यक्ष रहे पंडित किशन तिवारी ने वोटरों के निर्णय को शिरोधार्य किया है। कहा कि लोगों का फैसला सिर-माथे। धाम की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने नव निर्वाचित अध्यक्ष सहित तमाम विजयी प्रत्याशियों को बधाई भी दी है।
© 2026. All Rights Reserved.