Thursday Aug 13, 2026

शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर की सुरक्षा दीवार को लेकर थ्वालखेड़ा में विरोध

ग्रामीणों ने एसडीएम के जरिए डीएम को ज्ञापन भेजा

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। टनकपुर शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर परियोजना के तहत ग्राम थ्वालखेड़ा में निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार में ग्रामीणों ने कार्यदाई एजेंसी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। इसे लेकर 12 अगस्त को नाराज ग्रामीणों ने SDM के माध्यम से DM को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षा दीवार के निर्माण में उनकी सुविधाओं और आवागमन की जरूरतों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद निर्माण कार्य में उनके हितों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि सुरक्षा दीवार के निर्माण के कारण निकास और आवागमन के मार्ग को अवरुद्ध किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग संकरा होने से ट्रैक्टर, चौपहिया वाहनों और अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

SDM को ज्ञापन देते ग्रामीण

ग्रामीणों ने पत्र में कहा है कि गांव में रोजमर्रा की आवाजाही के अलावा किसी व्यक्ति के बीमार होने या अन्य आपात स्थिति में एंबुलेंस के आवागमन में भी दिक्कत हो सकती है। ग्रामीणों ने डीएम को भेजे पत्र में कहा कि कार्यदायी संस्था ने पूर्व में ग्रामीणों के हितों का पूरा ध्यान रखने का आश्वासन दिया था। इसके लिए संयुक्त निरीक्षण भी किया गया था।

प्रभावित ग्रामीणों ने डीएम से मामले का स्थलीय निरीक्षण करा समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने समस्या का समय रहते समाधान नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान हेमा जोशी, पूर्व प्रधान सतीश पांडेय, नारायण रावत, मनोज चंद्र जोशी, नीरज चंद्र जोशी, राहुल, पीयूष अवस्थी, प्रदीप नेगी, हेमा पांडेय, ममता, रेखा, भावना, कमला देवी, चंचला देवी, देवकी देवी आदि शामिल रहीं।

ज्ञापन।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.