टीचर्स एसोसिएशन ने CM को भेजा ज्ञापन
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने की आपात बैठक
देवभूमि टुडे
चंपावत। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की चंपावत इकाई ने देहरादून स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हुए हमले की निंदा की है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा एवं जिला मंत्री बंशीधर थ्वाल ने CM कैंप कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर कहा कि विधायक उमेश काऊ की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक और कार्यालय के कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया। साथ ही कार्यालय के दस्तावेजों को नष्ट कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। ज्ञापन में कहा गया कि विधायक की मौजूदगी में उनके समर्थकों की यह हरकत राज्य व देशद्रोह की श्रेणी में आता है। इस प्रकार के कृत्य से सरकार एवं भाजपा की छवि खराब हुई है। ज्ञापन में मारपीट व तोड़फोड़ में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।


वहीं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने भी हमले की घोर निंदा की है। अध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश जोशी की अध्यक्षता एवं सचिव जीवन ओली एवं अशोक फर्त्याल के संचालन में हुई बैठक में वक्ताओं ने राजकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों के शोषण के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी। कहा कि जनप्रतिनिधि अपनी नाकामी और अकर्मण्यता छिपाने के लिए सरकारी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को निशाना बना रहे हैं। कर्मचारियों ने शीघ्र हमले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्रकाश तड़ागी, हिमांशु मुरारी, लोकेश जोशी, वीरेंद्र सिंह मेहता, तपन गड़कोटी, शिवांशुु वर्मा, भूपेश देव ताऊ, अशोक बिष्ट, अनिरूद्ध पुनेठा, दीपक टम्टा, गणेश गड़िया, प्रवीण, पंकज आदि मौजूद थे।
इसके अलावा राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष जगदीश सिंह अधिकारी जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष रमेश सिंह देव, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोविंद बोहरा सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों ने विरोध जताया है
© 2026. All Rights Reserved.