Thursday Apr 30, 2026

टनकपुर तहसील परिसर में टैक्सी चालकों ने किया प्रदर्शन, अध्यक्ष ने आत्मदाह की चेतावनी दी

'ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर के बीच शटल सेवा से टैक्सी संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया बंद करे जिला पंचायत'

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। कल से शुरू पूर्णागिरि मेले में ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर के बीच शटल सेवा से टैक्सी संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया से टैक्सी यूनियन में गुस्सा है। इसके विरोध में यूनियन ने टनकपुर तहसील में प्रदर्शन कर धरना दिया। कहा कि टैक्सी चालकों व मालिकों की रोजी-रोटी पर जिला पंचायत कुठाराघात कर रही है। बाद में बनबसा में आयोजित जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार शिविर में पहुंच टैक्सी स्वामियों ने DM को टेंडर प्रक्रिया निरस्त किए जाने के संबंध में ज्ञापन सौपा।

कहा कि वर्ष 2025 में मां पूर्णागिरि मेले में जिला पंचायत की ओर से शटल सेवा के नाम पर किए गए टेंडर को निरस्त कराने के लिए टैक्सी यूनियन अध्यक्ष ने उच्च न्यायलय की शरण ली थी। तब टैक्सी वाहनों का बेरोकटोक संचालन किए जाने और टेंडर के नाम पर टैक्सी वाहनों से अतिरिक्त शुल्क वसूलने पर रोक लगाई गई थी। इस बार भी जिला पंचायत पूर्णागिरि मेले में शटल सेवा के अंतर्गत टेंडर प्रक्रिया कर रही है, जो कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। 

यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार ने कहा कि जिला पंचायत का यह कार्य टैक्सी वाहन स्वामियों का शोषण है। उन्होंने आत्मदाह की चेतावनी दी। अध्यक्ष मदन कुमार ने आरोप लगाया कि टैक्सी वाहनों का रोड टैक्स जमा होने के बावजूद भी जिला पंचायत पूर्णागिरि मेले में ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर रोड तक टैक्सी संचालन करने वाले वाहनों से टेंडर के नाम पर अवैध वसूली कर रही है। प्रदर्शन करने वालों में अंकुर सिंह, अंशदीप यादव, मुकेश सिंह, विशाल सिंह, शंकर पाल, सूरज, सुनील रस्तोगी, सागर गुप्ता, भारत कश्यप आदि शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.