Saturday May 16, 2026

बंद घरों में कम से कम 3 बार फील्ड विजिट अनिवार्य

BLO एवं सुपरवाइजरों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न

देवभूमि टुडे

चंपावत। SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के संचालन के लिए जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों (लोहाघाट एवं चंपावत) में BLO एवं सुपरवाइजरों का द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग, विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं के कारण एवं उनके निराकरण और नए मतदाताओं के नामांकन की प्रक्रिया को समझाया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि बंद पाए जाने वाले घरों में कम से कम 3 बार फील्ड विजिट अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

SIR प्रशिक्षण।

साथ ही BLO ऐप के माध्यम से मतदाताओं को वितरित किए जाने वाले गणना प्रपत्रों को QR कोड स्कैन कर डिजिटाइज करने एवं प्राप्त प्रपत्रों को डिजिटल रूप में अपलोड करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि SIR भारत निर्वाचन आयोग का समयबद्ध एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसे निर्धारित अवधि में पूर्ण करना अनिवार्य है। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा बूथ स्तर पर अपने-अपने बीएलए नियुक्त किए गए हैं, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।

अपर जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी के दिशानिर्देशन में चंपावत विधानसभा क्षेत्र के तहसील मुख्यालयों में डीएलएमटी मान सिंह एवं नोडल अधिकारी जीवन कलौनी ने प्रशिक्षण दिया।वहीं लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. नारायण सिंह एवं प्रकाश उपाध्याय ने प्रशिक्षण सत्र संचालित किए।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.