मां पूर्णागिरी धाम के नजदीक के गांव पोथ से कोटकेंद्री सेलागाड़ पूर्णागिरी मोटर मार्ग के निर्माण की उठा रहे हैं आवाज
रोड की कमी से थम नहीं रहा पलायन
देवभूमि टुडे
चंपावत/पूर्णागिरी धाम। मां पूर्णागिरी धाम के पास के गांव कोटकेंद्री के लोगों की जिंदगी मुश्किल भरी हो रही है। रोड की कमी उनके वर्तमान और भविष्य को प्रभावित कर रही है। अब नाराज लोग अगले सानल होने वाले विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दे रहे हैं। चुनाव बहिष्कार के अल्टीमेटम वाले पोस्टरों के साथ गांव के लोगों ने सांकेतिक विरोध जताया। जल्द रोड का निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
ग्रामीण गोविंद सिंह सहित गांव के कई अन्य लोगों का कहना है कि कोटकेंद्री गांव तक रोड नहीं होने से गांव के लोग बुरे हाल में जी रहे हैं। 3 किलोमीटर पैदल जाने को मजबूूर हैं। आठवीं से आगे की पढ़ाई की कोई व्यवस्था नहीं है, वहीं इलाज का तो रत्तीभर भी सहारा नहीं है। खेती-किसानी होती है, लेकिन टनकपुर के बाजार तक पहुंचाने का कोई इंतजाम नहीं है। लोग गांव छोडऩे को मजबूर हैं। सुविधाओं के अकाल की वजह से गांव से लोग लगातार कम होते जा रहे हैं। अब गांव में 16 से भी कम परिवार रह गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ये हालात रोड नहीं होने की वजह से है।



ग्रामीणों का कहना है कि रोड मंजूर भी हो चुकी है, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। अगर रोड न बनी, तो वे 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार के लिए मजबूर होंगे। इस संबंध में ग्रामीणों ने गांव में ही पोस्टर के जरिए बहिष्कार की चेतावनी दी है। 22 नवंबर को विरोध जताने वालों में लक्ष्मण सिंह, पूरन राम, गणेश राम, मदन सिंह बाकी साथ में हैं गोविंद सिंह, रतन सिंह, मुकेश सिंह, सूरज सिंह, कृष्ण राम जानकी देवी, द्रौपदी देवी, कुमारी निर्मला, पुष्पा देवी, सतीश सिंह, माधो सिंह आदि शामिल थे।
क्या कहते हैं ग्राम प्रधान:
पोथ से कोटकेंद्री-सेलागाड़ रोड का ऐलान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 3 दिसंबर 2024 को की थी। इस रोड का काम जल्द से जल्द शुरू हो इसके लिए लगातार प्रशासन से आग्रह किया गया है।

पंकज तिवारी,
ग्राम प्रधान, कालीगूंठ (पूर्णागिरी धाम)।
क्या कहते हैं अधिकारी:
रोड की सर्वे का काम पूरा करा लिया गया है। समरेखन स्वीकृृति के लिए शासन को भेजा गया है। संयुक्त सर्वे प्रस्तावित है। प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कराया जा रहा है। मंजूरी मिलने पर इस सड़क का काम शुरू करा दिया
जाएगा।

हितेश कांडपाल,
अधिशासी अभियंता,
लोनिवि, चंपावत।
© 2026. All Rights Reserved.