36 यात्रियों को दूसरी बसों से भेजा गया
देहरादून से झूलाघाट जा रही पिथौरागढ़ डिपो की बस ने स्वांला में जवाब दे दिया
देवभूमि टुडे
चंपावत। पिथौरागढ़ जा रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस 6 मार्च को चंपावत में खराब हुई और 2 दिन बाद आज 8 मार्च को पिथौरागढ़ डिपो की बस चंपावत से 22 किमी दूर स्वांला में दगा दे गई। यानी रोडवेज की बस कब कहां खराब हो जाए, कोई पता नहीं। ये हाल उन दो जिलों के हैं, जहां 90% आवाजाही सड़क मार्ग से होती है।
आज रविवार को देहरादून से झूलाघाट जा रही पिथौरागढ़ डिपो की बस संख्या (यूके 07पी-ए, 4199) टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर डेंजर जोन स्वांला के समीप पहुंचते ही एकाएक खराब हो गई। चालक और परिचालक ने बस को ठीक करने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान यात्रियों को कई घंटे परेशानी उठानी पड़ी। बाद में टनकपुर से पिथौरागढ़ व लोहाघाट की ओर आ रही बसों से यात्रियों को भेजा गया। बस में देहरादून से बाराकोट जा रहे हरीश तिवारी ने बताया कि बस जसपुर में भी एक घंटे तक खराब रही। 34 सीटर बस में 36 यात्री सवार थे। लोहाघाट के AGM धीरज वर्मा ने बताया कि रविवार को खराब हुई पिथौरागढ़ डिपो की बस के यात्रियों को दूसरी बसों से पिथौरागढ़ को भेजा गया।
© 2026. All Rights Reserved.