पहले दल को दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है 'सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा': दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय
देवभूमि टुडे
चंपावत। 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के मौके पर चंपावत जिले से 45 श्रद्धालुओं का दल गुजरात के लिए रवाना हुआ। 6 दिनी यात्रा में यह दल प्रथम ज्योर्तिलिंग भगवान सोमनाथ के दर्शन करेगा। आज 12 जुलाई को चंपावत बस स्टेशन से दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने दल को हरी झंडी दिखाकर देहरादून के लिए रवाना किया। देहरादून से दल ट्रेन से सोमनाथ के लिए रवाना होगा।


दर्जा मंत्री पांडेय ने कहा कि 'सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा' मात्र एक धार्मिक यात्रा नहीं है, बल्कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों और राष्ट्रीय अखंडता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम भी है। यह यात्रा आधुनिक समाज को अपनी जड़ों और गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जन प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने यात्रा शुरू करने से पूर्व विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और लोहाघाट नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने भी इस यात्रा को ऐतिहासिक पहल बताया। इस मौके पर भाजपा मीडिया संयोजक राजू गड़कोटी, जिला पर्यटन अधिकारी सानू प्रकाश, गोविंद बोहरा सहित कई लोग मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.