बाराकोट के कामाज्यूला क्षेत्र में पिकअप 500 फीट गहरी खाई में लुढ़की
गंभीर रूप से घायल चालक को जिला अस्पताल रेफर किया
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। बाराकोट क्षेत्र के कामाज्यूला में एक पिकअप 500 फीट गहरी खाई में लुढ़क गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाया गया है।
जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ने बताया कि कामाज्यूला से अल्मोड़ा जाने वाली रोड में आज 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे पिकअप जीप (यूए 03-4351) अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरीखाई में जा गिरी। हादसे में जीत सिंह (58) पुत्र धर्म सिंह अधिकारी निवासी रैघांव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक नारायण सिंह अधिकारी (37) पुत्र दिनेश सिंह निवासी रैघांव गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को बाराकोट लाया गया। इसके बाद आपातकालीन सेवा के माध्यम से घायल को उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि घायल को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए घायल को चंपावत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की वजह का पता नहीं चला है, लेकिन क्षेत्र के लोगों के मुताबिक पिकअप के ब्रेक फेल होने से दुर्घटना का अंदेशा जताया जा रहा है। पुतिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

© 2026. All Rights Reserved.