Thursday Mar 19, 2026

लोहाघाट के फोर्ती गांव की अनूठी पहल

सार्वजनिक स्थानों या सामाजिक कार्यक्रमों में नशा करने पर लगेगा जुर्माना, जुए के  खिलाफ भी उठाया कदम

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट के पास की आदर्श ग्राम पंचायत फोर्ती में सार्वजनिक स्थानों पर नशा नहीं किया जा सकेगा। गांव के सार्वजनिक स्थानों में नशा करने पर जुर्माना सहित कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। इस पर निगरानी रखने के लिए गठित निगरानी कार्यकारिणी में चंद्रशेखर उपाध्याय पुरुष अध्यक्ष और आनंदी पुनेठा को महिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।  

फोर्ती गांव के त्यूंद्रा बाबा मंदिर में ग्राम प्रधान रेनू बगौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में गांव के लोगों ने सर्वसम्मिति से कई निर्णय लिए। जिसमें सार्वजनिक स्थानों और सामाजिक समारोह में नशे का प्रयोग करने का दंड और 1 हजार रुपये के जुर्माने का निर्णय लिया। इसी तरह शादी व अन्य मांगलिक कार्यो में रात की नशे की पार्टी पर प्रतिबंध रहेगा। गांव में शराब बंदी रहेगी। गांव में कोई पूर्व सैनिक शराब की बिक्री और पिलाने का कार्य नहीं करेगा। जुआ आदि खेलने पर भी पूर्ण रुप से प्रतिबंध रहेगा। इन नियमों को तोड़ने पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। चुनाव में भी शराब और रुपया बांटने पर प्रतिबंध रहेगा। महिला संगीत में पूर्व की भांति चाय, बिस्कुट और नमकीन का प्रयोग करने पर प्रस्ताव पारित किया गया। 

संदीप बगौली के संचालन में हुई बैठक में मोहन चंद्र बगौली, मोहन चन्द्र उपाध्याय, कैलाश चंद्र जोशी, नारायण दत्त पुनेठा, दीपक चन्द्र बगौली, त्रिलोचन उपाध्याय, देवकी उपाध्याय, ममता बगौली, पार्वती सुतेड़ी,चंद्रशेखर बगौली, नवीन बगौली, भुवनेश्वरी पुनेठा, लक्ष्मी जोशी, आनंदी पुनेठा, हेमा उपाध्याय, गीता बगौली, योगेश बगौली, विवेक बगौली, मोहित पुनेठा, हिमांशु खर्कवाल आदि मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.