Monday Jun 8, 2026

पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव

भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को कड़ी टक्कर दे रहे हैं निर्दलीय नारायण लाल

तीसरी प्रत्याशी पार्वती देवी भी कर रही मुकाबले में आने का प्रयास

देवभूमि टुडे

चंपावत। पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी का सेहरा किसके सिर बंधेगा? इसका फैसला मतदाता कल 9 जून को कर देंगे। तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला सीधा माना जा रहा है। अगर जो सड़क पर दिख रहा है, वही हुआ तो भाजपा प्रत्याशी नवीन राम और निर्दलीय नारायण लाल के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है। एकमात्र महिला उम्मीदवार पार्वती देवी भी मुकाबले में बने रहने के लिए जी-तोड़ कोशिश कर रही हैं।

भाजपा प्रत्याशी नवीन राम।
निर्दलीय नारायण लाल।

पाटी के 2067 मतदाता कल 9 जून को उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में बंद कर देंगे। 4 वार्ड वाली पाटी नगर पंचायत के लिए होने वाले पहले चुनाव के जरिए यह तय हो जाएगा, कि पाटी नगर पंचायत का पहला अध्यक्ष कौन बनेगा। तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। डबल इंजन पर सवार भाजपा यहां भी चुनाव जीतना चाहेगी। इसके लिए उसने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। लेकिन मुकाबला एकतरफा नहीं बेहद कांटे का माना जा रहा है। भाजपा के नवीन राम को जबर्दस्त टक्कर दे रहे हैं निर्दलीय नारायण लाल। अभी तक के जमीनी हालात को देखते हुए माना जा रहा है कि दोनों के बीच खासा नजदीकी मुकाबला है। ऐसे में जानकारों का कहना है कि अंतिम वक्त की मेहनत और वोटरों को मतदान केंद्र तक लाने में जो प्रत्याशी सफल रहा, उसका पलड़ा भारी हो सकता है।

वहीं तीसरी प्रत्याशी बुजुर्ग पार्वती देवी और उनके समर्थक भी पूरी ताकत झोंके हुए हैं। उनके ये प्रयास क्या मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में सफल रहेंगे या नहीं? इस जवाब का असर चुनावी समीकरणों और नतीजे पर भी पड़ सकता है।

पार्वती देवी।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.