पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष नतीजा
जमीन के समीकरण नारायण लाल के पक्ष में
रणनीति, संगठन और संसाधन की ताकत से भाजपा को पार पाने की आस
आज 12 बजे तक होगा पटाक्षेप
अंतिम 3 दिनों में रेस से बाहर हुई पार्वती देवी
देवभूमि टुडे
चंपावत/पाटी। कमल या नारियल? हर जेहन में ये सवाल कौंध रहा है। अगले चंद घंटों में इस सवाल का जवाब जग जाहिर होगा। क्या कोई अपसेट होगा? निर्दलीय नारायण लाल कोई कमाल करेंगे? या भाजपा चंपावत जिले की चार नगर निकायों की तरह ही पाटी में भी कमल खिलाएगी? अगर जमीनी हवा हकीकत में बदली तो निर्दलीय नारायण लाल कमल को पछाड़ कमाल कर जाएं, तो इसमें हैरत नहीं।
4 वार्ड वाले पाटी नगर पंचायत में 2067 में से 77.99% यानी 1612 लोगों ने 9 जून को हुए मतदान में वोट डाला था। यद्यपि निर्दलीय पार्वती देवी ने त्रिकोणीय मुकाबला बनाने की कोशिश की, लेकिन आखिर तीन दिनों में वे दौड़ से बाहर हो गई। ऐसे में टक्कर भाजपा के नवीन राम और दूसरे निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल के बीच है।



मजबूत संगठन, संसाधन, रणनीति और दिग्गज नेताओं के प्रचार के बावजूद शुरुआत में पिछड़ रही भाजपा ने मतदान का दिन आते-आते वापसी की कोशिश की। प्रत्येक बूथ की जिम्मेदारी जिले के बड़े नेताओं को दी गई। इसका कुछ हद तक असर भी हुआ। वोटिंग के दिन दो बूथों में इसकी झलक देखने को भी मिली। लेकिन क्या ये तमाम कवायदें भाजपा को विक्टरी लाइन तक पहुंचने के लिए पर्याप्त होगी? इस लाख टके के सवाल का नतीजा अगले 4 घंटे में मिल जाएगा।
दूसरी तरफ नामांकन के बाद से मतदान के दिन तक एक निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल की खूब हवा रही। वोटिंग वाले दिन भी 3 बूथों में नारियल की चर्चा रही। उनकी व्यवहार कुशलता, मजबूत टीम के अलावा नामी गायक पवनदीप राजन के प्रचार का भी असर दिखा। ऐसे में जमीन से मिल रहा वोटरों का रुझान और मतदान के बाद के तमाम फीडबैक नारायण लाल खेमे में उम्मीद जगा रहे हैं। तमाम कयासों के बीच नतीजा चाहे जो भी रहे, लेकिन मुकाबला कड़ा रहेगा, यह तय है।
भाजपा को आसान जीत की आस:
भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया का दावा है कि भाजपा आसानी से पार्टी नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव आसानी से जीतेगी। संगठन की ताकत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के काम की बदौलत पार्टी प्रत्याशी नवीन राम जीतेंगे।
© 2026. All Rights Reserved.