Friday Nov 27, 2026

चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर के किरोड़ा पुल के पास बाघ नजर आने से बढ़ी दहशत वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, लोगों को भी कर रहा जागरूक, झाड़ी कटान के साथ लगाए जा रहे कैमरा ट्रैप

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर किरोड़ा पुल के पास बाघ दिखाई देने से लोग खौफजदा है। इसके अलावा ग्राम पंचायत सैलानीगोठ क्षेत्र में बाघ के मूवमेंट बढ़ने की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा एवं निगरानी तेज कर दी है। बाघ की मौजूदगी से आसपास के क्षेत्रों में दहशत पैदा हो गई है। इस खतरे को देखते हुए वन विभाग संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतते हुए जरूरी सुरक्षा उपाय कर रहा है।

बता दें कि 3 दिन पूर्व किरोड़ा पुल के पास लोगों को बाघ दिखाई दिया था। बाघ का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में दहशत पैदा हो गई है। आबादी और सड़क के नजदीक बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग सतर्क हो गया है।

सूचना विभाग द्वारा जारी विज्ञाप्ति के मुताबिक वन विभाग प्रभावित क्षेत्रों के अलावा वन्यजीवों की आवाजाही की संभावना वाले सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों में व्यापक जन जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के जरिए स्थानीय नागरिकों को बाघ की हालिया गतिविधियों के संबंध में जानकारी देते हुए सतर्क रहने, अकेले आवाजाही से बचने और बेवजह वन क्षेत्रों की ओर नहीं जाने की अपील की है। वन विभाग प्रभावित क्षेत्रों में दृश्यता बढ़ाने एवं आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झाड़ी कटान कर रहा है। इसके साथ ही संवेदनशील एवं प्रभावित स्थलों पर कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। जिससे वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। वन विभाग ने किसी भी प्रकार के वन्यजीव गतिविधि की सूचना प्राप्त होने जानकारी देने की भी अपील की है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.