Saturday Nov 14, 2026

भाई की गला काटकर हत्या किए जाने की डायल 112 पर  दी थी सूचना

झूठी सूचना देने वाले पर एक्शन, BNS की धारा 172 के अंतर्गत गिरफ्तार

जिस व्यक्ति की हत्या की झूठी सूचना ही, वह लोहाघाट से दिल्ली जा रहा था

देवभूमि टुडे

चंपावत। भाई की गला काटकर हत्या किए जाने की 112 नंबर पर दी गई झूठी सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, वन, एंबुलेंस और अन्य प्रशासनिक महकमे के पहुंचने के बाद हुई जांच में मामला झूठा पाया गया। कॉल कर फर्जी सूचना देने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया।

 

पुलिस मीडिया ग्रुप के मुताबिक 12 नवंबर रात 9:19 बजे डायल 112 पर नवल किशोर पुजारी निवासी ग्राम सुई खेशकांडे, थाना लोहाघाट ने सूचना दी कि उसके भाई की किसी व्यक्ति ने गला काटकर हत्या कर दी है। कॉलर ने स्वयं घटना होते हुए देखने और हत्यारे को पहचानने का फोन पर दावा भी किया।

सूचना पर लोहाघाट थाने की पुलिस तत्काल दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग, 108 एम्बुलेंस, फील्ड यूनिट एवं साइबर सेल की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल एवं पूछताछ करने पर पाया कि  जिस व्यक्ति की हत्या होने की सूचना दी गई थी, वह व्यक्ति लोहाघाट से दिल्ली जा रहा था। संबंधित व्यक्ति से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क कर सत्यापन करने पर हत्या की सूचना पूरी तरह झूठी एवं भ्रामक पाई गई। पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करने, पुलिस एवं अन्य आपातकालीन विभागों के संसाधनों को व्यस्त करने, आम लोगों में भय एवं सनसनी फैलाने के आरोप में कॉलर नवल किशोर पुजारी को BNS की धारा 172 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.