Friday Sep 11, 2026

चंपावत जिले में 139वीं जयंती में हुए ढेरों कार्यक्रम

महापुरुषों के आदर्श से प्रेरणा ले आगे बढ़ें युवा:डीएम

देवभूमि टुडे

चंपावत। भारत के पूर्व गृह मंत्री एवं यूपी के पहले मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती आज 10 सितंबर को जिले में उल्लास के साथ मनाई गई। गोरलचौड़ मैदान स्थित वन पंचायत के समीप पार्क में पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय एवं डीएम मनीष कुमार ने पंडित पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वन पंचायत सभागार में हुए कार्यक्रम में पंत के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए।

डीएम मनीष कुमार ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों एवं युवाओं को पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन संघर्ष और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कहा कि महापुरुषों का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की सीख देता है। एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय ने पंडित पंत के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी। कहा कि पंत जी का समूचा जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी समाज को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में केएमवीएन के निदेशक रोहित बिष्ट, मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह, ईओ भारत त्रिपाठी, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, नंदन तड़ागी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, स्कूली बच्चे एवं अन्य लोग मौजूद थे।

चंपावत में पंत जयंती कार्यकम।

नौले-धारों में चला सफाई व जल संरक्षण अभियान:

चंपावत। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर सारा (स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी) की ओर से मौराड़ी क्षेत्र में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के उद्देश्य से स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। शनि मंदिर प्रांगण के पास स्थित पौराणिक नौला परिसर में चले इस अभियान के तहत साफ सफाई की गई। स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को शुद्ध पेयजल की महत्ता समझाते हुए परंपरागत जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। सघन सफाई अभियान के दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के सहयोग से लगभग 50 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा और 1 क्विंटल गीला कूड़ा एकत्र किया गया।

नौला सफाई अभियान।

पुलिस ने भी पंडित पंत को दी श्रद्धांजलि:

चंपावत। पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर चंपावत पुलिस ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। पुलिस लाइन में एसपी रेखा यादव, सीओ देवेंद्र सिंह कप्रवाण ने पंडित पंत के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा उनके राष्ट्र एवं समाज के प्रति अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया। एसपी ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और प्रशासनिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जिले के सभी थाना, चौकियों एवं फायर स्टेशनों में भी पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.