Tuesday Nov 10, 2026

बाल चिकित्सा सघन निगरानी इकाई में 1 साल से अधिक वक्त से लटका है ताला

उपकरणों और भवन निर्माण में खर्च हो गए 3.55 करोड़ रुपये

अक्टूबर 2025 में लोकार्पण हुआ लेकिन नहीं मिल रहा नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों को इलाज

26 का उत्तराखंड-2

देवभूमि टुडे

चंपावत। ऐसा भी नहीं कि भवन नहीं है या उपकरण नहीं है, लेकिन फिर भी इनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। न लटके ताले खुल पा रहे हैं और नहीं बच्चों को इलाज  मिल पा रहा है। जी हां, बात हो रही है चंपावत के PICU (बाल चिकित्सा सघन निगरानी इकाई) की। जिसका लोकार्पण भी अक्टूबर 2025 को हो चुका है, ऐसा वहां लटके साइनबोर्ड से पता चलता है। इस केंद्र के संचालित नहीं होने से बच्चों को गुुणवत्तायुक्त इलाज नहीं मिल पा रहा है और जटिल इलाज के लिए बच्चों को हायर सेंटर या दूसरे जिलों की दौड़ लगाने को मजबूर हो रहा है।

आदर्श जिले चंपावत की सेहत को संवारने के लिए चंपावत जिला अस्पताल परिसर में 32 बैड का PICU बनाया गया है। लेकिन इस इकाई को लोकार्पण होने के 1 साल और 3 सप्ताह से अधिक वक्त  बाद भी शुरू नहीं किया जा सका है। इस कारण नवजात शिशु और छोटे बच्चों को यहां इलाज नहीं मिल पा रहा है। वे उपचार के लिए दूसरे जिलों या निजी अस्पताल की दौड़ लगाने को मजबूर हो रहे हैं। चंपावत जिले में 5 साल और उससे कम आयु के ही करीब 51 हजार बच्चे हैं।

PICU भवन।

क्या कहते हैं जिलाधिकारी:

पीआईसीयू के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पैरा मेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। स्त्री रोग और बाल रोग विशेषज्ञ के लिए पृथक से व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ताकि इस केंद्र में जिन बच्चों को खास तरह के इलाज या गर्भवती महिलाओं के जटिल प्रसव को उच्च गुणवत्ता के साथ कराया जा सका। पीआईसीयू को जल्द से जल्द संचालन के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

मनीष कुमार,

डीएम, चंपावत।

DM मनीष कुमार।

PICU में मुख्य रूप से मिलती हैं ये सुविधाएं:

अस्पताल के इस सघन निगरानी केंद्र में गंभीर रूप से बीमार बच्चों (नवजात से लेकर किशोर अवस्था तक) की गहन चिकित्सा और निगरानी की जाती है। गंभीर संक्रमण, सांस की गंभीर बीमारी, दुर्घटना या चोट, दिल की समस्याओं और अंगों के फेल होने की स्थिति वाले बच्चों को यहां रखा जाता है। आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों का भी उपयोग किया जाता है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.