Tuesday Jun 2, 2026

पुलिस उपाधीक्षक बनीं लोहाघाट की अदिति पुनेठा और चंपावत की डॉ. ऐश्वर्या भट्ट

अंजलि चंद सहायक आयुक्त, हरीश जोशी कर अधिकारी एवं त्रिलोक सिंह, राकेश

कुमार व मनोज सिंह उप शिक्षाधिकारी के पद के लिए चयनित

देवभूमि टुडे

डॉ. ऐश्वर्या भट्ट के माता-पिता को बधाई देती सभासद प्रेमा चिल्कोटी। 

चंपावत। उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीएससी) परीक्षा-2024 में चंपावत जिले ने दमदार प्रदर्शन किया है। 9 डिप्टी कलक्टर, 10 डीएसपी सहित कुल 181 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। चंपावत जिले में 3 महिलाओं सहित कुल 7 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। लोहाघाट की अदिति पुनेठा 10वें नंबर पर और चंपावत की डॉ. ऐश्वर्या भट्ट 11वें नंबर पर रहीं। डीएम मनीष कुमार ने कामयाब अभ्यर्थियों और उनके माता-पिता एवं गुरुजनों को बधाई दी है। कहा कि प्रदेश की शीर्ष परीक्षा में सफलता से इन मेधावी छात्र-छात्राओं ने न केवल सीमांत जिले का मान बढ़ाया है, बल्कि अन्य नौजवानों को भी प्रेरणा व हौसला देगी।

 

अद्वितीय अदिति को 10वीं रैंक:

लोहाघाट के भुमलाई गांव की अदिति पुनेठा को 10वीं रैंक मिली है। उनका चयन पुलिस उपाधीक्षक पद पर हुआ है। पिता एलआईसी के शाखा प्रबंधक दीपक पुनेठा और मां भावना पुनेठा की बेटी अदिति पुनेठा ने इसी वर्ष उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 45वीं रैंक हासिल की थी।

अदिति पुनेठा।

डॉ. ऐश्वर्या भट्ट बनीपुलिस उपाधीक्षक:   

11वीं रैंक लाने वालीं चपावत के छतार की डॉ. ऐश्वर्या भट्ट पुलिस उपाधीक्षक पद के लिए चयनित हुई हैं। मूल रूप से खेतीखान निवासी व्यवसाई गिरीश भट्ट और शिक्षिका मां गीता भट्ट की सुपुत्री ऐश्वर्या भट्ट ने हरिद्वार ऋषिकुल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज से आयुर्वेद में एमडी किया है। छतार की सभासद प्रेमा चिल्कोटी, राज्य आंदोलनकारी हरगोविंद बोहरा सहित कई लोगों ने ऐश्वर्या की कामयाबी को अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादाई बताया है।

डॉ. ऐश्वर्या भट्ट।

अंजली का लगातार दूसरी बार चयन:

टनकपुर ककरालीगेट निवासी अंजली चंद ने लगातार दूसरी बार पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। अल्मोड़ा के लमगड़ा में उप शिक्षाधिकारी पद पर कार्यरत अंजली चंद का सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी पद पर चयन हुआ है।

अंजली चंद।

मनोज सिंह, राकेश कुमार, त्रिलोक सिंह व हरीश जोशी बने अधिकारी:

पाटी ब्लॉक के दूरस्थ मछियाड़ गांव के मनोज सिंह और लोहाघाट के कलीगांव के राकेश कुमार और गुमदेश के मोड़ा गांव के भीम सिंह उप शिक्षाधिकारी पद पर चयनित हुए हैं। राकेश कुमार इस वक्त उत्तराखंड सचिवालय में सहायक समीक्षा अधिकारी पद पर तैनात हैं। चंपावत के दूरस्थ वैला गांंव के हरीश जोशी का चयन कर अधिकारी पद पर हुआ है।

हरीश जोशी, भीम सिंह, राकेश कुमार और मनोज सिंह। (ऊपर से नीचे)

 

 




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.