किरोड़ा और थ्वालाखेड़ा नाला उफनाने से 2 घंटे बंद रहा पूर्णागिरी और टनकपुर जौलजीबी मार्ग
चीता पुलिस ने दोपहिया वाहनों और राहगीरों को निकाला
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। सोमवार रात और मंगलवार सुबह हुई बारिश से टनकपुर के पूर्णागिरी मार्ग पर नायकगोठ और थ्वालखेड़ा नाला घंटों उफान पर रहे। इस दौरान मां पूर्णागिरि धाम और टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर आवाजाही बंद हो गई। देवी धाम जाने और आने वाले श्रद्धालुओं को कुछ देर परेशानी झेलनी पड़ी। मां पूर्णागिरी धाम को जाने वाले श्रद्धालु और स्थानीय लोगों को करीब दो घंटे तक पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा। किरोड़ा नाले के दोनों तरफ फंसे दोपहिया वाहनों और पैदल चल रहे राहगीरों को पुलिस की मदद से पार कराया गया। बाद में पानी कम होने के बाद सभी वाहनों को निकाला गया।
किरोड़ा नाले में पानी बढऩे से निर्माणाधीन शारदा कॉरिडोर का काम भी प्रभावित रहा। खतरे को देखते हुए किरोड़ा नाले के आसपास पुलिस की चीता मोबाइल टीम लगातार निगरानी कर रही है। वहीं दोपहर एक बजे बसानीगोठ के पास भी अचानक किरोड़ा नाला उफान पर आ गया। यहां 20 से अधिक वाहन डेढ़ घंटे तक सड़क के दोनों ओर फंसे रहे, जिनमें स्कूल बसें भी थीं।
© 2026. All Rights Reserved.