टनकपुर उप जिला अस्पताल में डॉ. प्रिंस माहेश्वरी ने चार्ज लिया
लेकिन अभी भी खाली हैं कई विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। करीब डेढ़ साल बाद टनकपुर के उप जिला अस्पताल में ऑर्थोपैडिक सर्जन की तैनाती हुई है। उप जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. घनश्याम तिवारी का कहना है कि टनकपुर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिंस माहेश्वरी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
टनकपुर उप जिला अस्पताल में 1 अप्रैल 2025 से हड्डी के इलाज की व्यवस्था नहीं थी। डॉ. विनोद कुमार जोशी के सेवानिवृत्त होने के बाद से अस्थिरोग विशेषज्ञ का पद खाली था। तबसे चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र के लोगों को हड्डी संबंधी दुश्वारी होने में निजी अस्पतालों या दूसरे जिले की दौड़ लगानी पड़ रही थी। अलबत्ता अब स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है। सेना में चिकित्सकीय सेवा दे चुके कैप्टन डॉ. प्रिंस माहेश्वरी ने यहां कार्यभार ग्रहण कर लिया है।

लेकिन गायनेकोलॉजिस्ट सहित कई पद अब भी खाली:
चंपावत/टनकपुर। अस्थिरोग विशेषज्ञ की तैनाती तो हो गई, लेकिन अभी भी टनकपुर उप जिला अस्पताल में कई विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद खाली हैं। गर्भवती महिलाओं सहित अन्य तरह की महिलाओं के इलाज का पुख्ता प्रबंध नहीं है। गायनेकोलॉजिस्ट का पद लंबे समय से खाली है। इसी तरह निश्चेतक नहीं होने से सर्जरी नहीं हो पा रही है। बाल रोग विशेषज्ञ की कमी बच्चों के इलाज को प्रभावित कर रही है। टनकपुर उप जिला अस्पताल में 22 चिकित्सकों के स्थान पर इस वक्त 15 की ही तैनाती है। 11 डॉक्टरों के जून में स्थानांतरण आदेश होने के बावजूद अभी भी 6 डॉक्टरों ने ज्वाइन नहीं किया है।
© 2026. All Rights Reserved.