आबादी के बीच प्लांट लगाने पर टनकपुर के लोगों ने किया प्रदर्शन, ज्ञापन भी दिया
DM के निर्देश पर बुधवार तक निर्माण कार्य रोका गया
21 अक्टूबर को एसडीएम कार्यालय में ग्रामीणों और कंपनी के प्रतिनिधियों की होगी बैठक
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर के आमबाग क्षेत्र में निर्माणाधीन PNG (PIPED NATURAL GAS) प्लांट को दूसरी जगह शिफ्ट करने की ग्रामीणों ने मांग की है। इसे लेकर आज 19 अक्टूबर को ग्राम प्रधान राधिका चंद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने निर्माण स्थल के पास प्रदर्शन कर विरोध जताया।
ग्रामीणों ने घनी आबादी के बीच गैस प्लांट स्थापित किए जाने पर सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए इसे दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की। DM मनीष कुमार के निर्देश पर तहसीलदार प्रियंका आर्य ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और निर्माण कार्य बुधवार तक रोकने के निर्देश दिए।

सोमवार को आमबाग और मोहनपुर के ग्रामीण निर्माणाधीन प्लांट क्षेत्र में एकत्र हुए और आबादी वाले इलाके के बीच PNG स्टोरेज प्लांट बनने से सुरक्षा का खतरा जताकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्लांट को आबादी से दूर स्थापित करने की मांग की। बाद में ग्राम प्रधान राधिका चंद के नेतृत्व में ग्रामीण बनबसा पहुंंचे और दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी को ज्ञापन सौंपा। हेमा जोशी ने DM से फोन पर वार्ता की। जिस पर DM के निर्देश पर तहसीलदार पिंकी आर्या प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी आपत्तियां सुनीं और कार्यदायी संस्था को बुधवार तक निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए।
बुधवार को SDM कार्यालय में ग्रामीणों और कार्यदायी संस्था गैसोनेट के प्रतिनिधियों के बीच बैठक होगी। जिसमें समस्या का हल निकालने का प्रयास किया जाएगा। प्रदर्शन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, बीडीसी सदस्य निर्मला जोशी, ज्ञानखेड़ा की प्रधान कविता पचौली, सभासद शैलेश सिंह, सुरेश कुमार, मोहन भट्ट, जानकी देवी सहित कई ग्रामीण शामिल थे।
© 2026. All Rights Reserved.