3 अप्रैल को X-RAY मशीन पहुंचने के बाद भी रीठा साहिब के ग्रामीणों को नहीं मिल रहा लाभ
60 किमी दूर लोहाघाट जाने को मजबूर हैं लाधिया क्षेत्र के ग्रामीण
चिकित्सा अधिकारी जवाब देने के बजाय काट रहे कन्नी
देवभूमि टुडे
चंपावत/रीठा साहिब। क्या रीठा साहिब (चौड़ा मेहता) के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में X-RAY मशीन का लाभ ग्रामीणों को मिल पाएगा? इस मामूली सवाल का जवाब आसान नहीं है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान और चिकित्सा विभाग के अन्य अधिकारी इसका जवाब देने से कन्नी काट रहे हैं। ये हाल उस आदर्श जिले के हैं, जहां के एक निर्वाचन क्षेत्र की नुमाइंदगी खुद मुख्यमंत्री करते हैं।
रीठा साहिब में 3 अप्रैल को X-RAY मशीन पहुंची, लेकिन 87 दिन बीतने के बावजूद मशीन का लाभ मरीजों को नहीं मिल पाया है। रीठा साहिब सहित लाधिया घाटी के तमाम गांवों के लोग मशीन होने के बावजूद अब भी X-RAY की सुविधा के लिए 60 किमी दूर लोहाघाट जाने को मजबूर हैं। इसमें ग्रामीणों को न केवल परेशानी झेलनी पड़ रही है, बल्कि समय और धन दोनों खर्च करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोग जल्द से जल्द X-RAY की सेवा उपलब्ध कराने की कई बार मांग कर चुके है, लेकिन उनकी आवाज विभाग के अधिकारियों के कानों तक नहीं पहुंच रही है।
क्या कहते हैं जन प्रतिनिधि:
जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा का कहना है कि X-RAY अप्रैल माह में इंस्टॉल हो गई थी, लेकिन इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। तकनीशियन की भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होने से ये नौबत आ रही है। X-RAY मशीन का जल्द से जल्द संचालन किया जाए।

ACMO अधिकृत नहीं CMO नहीं उठाते फोन:
CMO डॉ. देवेश चौहान को इस संबंध में उनका पक्ष जानने के लिए चार बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। वाट्सेप में सवाल भेजे लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
इस संबंध में ACMO डॉ. बलवीर सिंह से भी संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं होने की बात कही। कहा कि रीठा साहिब में X-RAY के संचालन को लेकर CMO ही जवाब दे सकेंगे।
© 2026. All Rights Reserved.