29 जुलाई को पहाड़ में बादल और मैदान में धूप लेकिन स्कूलों में ताला
चंपावत जिले में 29 दिनों में 6 मौसमी अवकाश सहित कुल 11 छुट्टियां
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले के पहाड़ी हिस्सों में बीते 24 घंटों में बेहद मामूली बारिश हुई। चंपावत और लोहाघाट में 1-1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि जिले के मैदानी क्षेत्रों सहित अन्य हिस्सों में बारिश का आकड़ा शून्य है। आज 29 जुलाई की सुबह 9 बजे आसमान में बादल जरूर हैं, लेकिन बारिश नहीं। बावजूद इसके इंटर तक के करीब 700 स्कूल और 681 आंगनवाड़ी केंद्रों में ताला है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज एलर्ट के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कल 28 जुलाई को ही आदेश कर दिया था। आज बुधवार के दिन स्कूल तो बंद थे, लेकिन बारिश नहीं हुई।
जुलाई बीतने में अभी 2 दिन बाकी है। शुरुआती 29 दिनों में 6 (2 जुलाई, 9, 10, 18, 19 और 29 जुलाई) दिन भारी बारिश की चेतावनी के कारण स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद हो चुके हैं। इन 6 छुटिटयों में से 3 दिन मौसम ठीक रहा। 10 जुलाई को बेहद मामूली बारिश हुई। पहाड में अधिकतम 7.50 MM, तो मैदान में अधिकतम 23 MM बारिश हुई। 18 जुलाई को तो पूर्वान्ह के वक्त तक एक बूंद बारिश नहीं हुई। और आज 29 जुलाई को भी अभी बारिश नहीं है।
जुलाई में अब तक 11 छुट्टियां हो चुकी हैं। 6 मौसमी अवकाश, 4 रविवार और 1 हरेला अवकाश। यानी पढ़ाई के दिन महज 18 रहे। ऐसे में मौसम विभाग के गलत पूर्वानुमान का असर भी स्कूली छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ रहा है। वैसे कहा यह भी जाता है शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कराएंगे, लेकिन ये वैकल्पिक व्यवस्था भी जमीन पर अमूमन बेअसर है।
चंपावत जिले में बीते 24 घंटों में बारिश का आकड़ा:(29 जुलाई की सुबह 8 बजे)
चंपावत:01 मिलीमीटर
लोहाघाट:01 मिलीमीटर
पाटी: 00 मिलीमीटर
टनकपुर:00 मिलीमीटर
बनबसा: 00 मिलीमीटर
© 2026. All Rights Reserved.