Wednesday Sep 9, 2026

वन अनपत्ति मिलने से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव आमखर्क के लोगों की जल्द पूरी होगी सड़क की मुराद

3 जून 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की थी रोड की घोषणा

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत के सूखीढांग बृजनगर क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव आमखर्क के लोगों की सड़क की मुराद जल्द ही पूरी होगी। इस सड़क की राह की सबसे बड़ी अड़चन वन आपत्ति दूर कर ली गई है। 1.50 किलोमीटर की इस सड़क की घोषणा 3 जून 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की थी।

सूखीढांग क्षेत्र का आमखर्क गांव 4 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों (पंडित रामचंद्र चौड़ाकोटी, बेनीराम चौड़ाकोटी, पदमादत्त चौड़ाकोटी और बची सिंह राना) का गांव है, लेकिन आजादी के 79 साल बाद भी यहां सड़क नहीं है। सड़क नहीं होने से बृजनगर से आमखर्क तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को डेढ़ किमी पैदल जाना पड़ रहा है। इससे बुजुर्गों, बच्चों एवं बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। लेकिन अब जल्द ही इन तमाम दुश्वारियों से निजात मिल जाएगी।

कार्यदाई एजेंसी ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील दत्ताल ने बताया कि सड़क की वन अनापत्ति मिल गई है। अब जल्द ही निविदा निकाल रोड कटिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा।

इस तरह के रास्ते से आवाजाही करते हैं आमखर्क गांव के लोग।

 

सेनानी कल्याण समिति ने CM व DM का आभार जताया:

चंपावत। इस सड़क के लिए लगातार आवाज उठाने वाले आमखर्क गांव के निवासी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष महेश चंद्र चौड़ाकोटी का कहना है कि तीन साल से मंजूर सड़क का काम शुरू होने में वन अनापत्ति सबसे बड़ी अड़चन बन रही थी। लेकिन अब वन अनापत्ति मिलने से रोड का काम शुरू हो सकेगा। चौड़ाकोटी ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिलाधिकारी मनीष कुमार और कार्यदाई एजेंसी ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील दत्ताल का आभार जताया है।

महेश चंद्र चौड़ाकोरी।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.