विभागीय व्यय समिति ने 165.25 लाख रुपये को संस्तुति दी
सूखीढांग धूरा गांव के सेनानी स्मारक की दिसंबर 2024 में मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
चंपावत जिले के 7 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वाले धूरा क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी स्मारक का मामला
देवभूमि टुडे
चंपावत। सात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव सूखीढांग धूरा क्षेत्र के सेनानी स्मारक की अड़चन दूर हो गई है। स्मारक के लिए विभागीय व्यय समिति ने 18 अगस्त को 165.25 लाख रुपये के बजट का अनुमोदन कर दिया है। शासनादेश होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
चंपावत से करीब 53 किमी दूर सूखीढांग धूरा क्षेत्र का स्वतंत्रता संग्राम में अहम योगदान है। इस क्षेत्र के 7 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने आजादी की जंग में बढ़ चढ़कर हिस्सेदारी की थी। धूरा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में 2013 में सेनानी स्मारक बनाया गया था।
जिसमें सातों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्ति स्थापित की गई थी। स्मारक के क्षतिग्रस्त होने के बाद दो साल पूर्व इसमें नए सिरे से कार्य की शुरुआत हुई थी। 20 लाख रुपये में कॉलम डाल दिए गए थे। स्मारक के जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चौड़ाकोट में 7 सेनानियों की मूर्ति स्मारक एवं स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय के जीर्णोद्धार के लिए 75 लाख रुपये देने की 3 दिसंबर 2024 को घोषणा की थी। लेकिन निर्माण के लिए आगणन 163 लाख रुपये का बना। इस वजह से काम में अड़चन आई। अलबत्ता इसी साल जुलाई में मुख्यमंत्री घोषणा में संशोधन किया गया। जिसे मुख्यमंत्री घोषणा में जीर्णोद्धार के बजाय नया निर्माण किया गया।
ये हैं 7 स्वतंत्रता सेनानी:
स्वतंत्रता सेनानी पंडित रामचंद्र चौड़ाकोटी, पदमा दत चौड़ाकोटी, बेनीराम चौड़ाकोटी, जयदत्त चौड़ाकोटी, चूड़ामणि जोशी, चिंतामणि जोशी और बची सिंह राणा।
क्या कहते हैं अधिकारी:
सेनानी स्मारक के नए निर्माण के लिए विभागीय व्यय समिति ने कार्य हेतु संस्तुति प्रदान कर दी है। 165.25 लाख रुपये के बजट का अनुमोदन कर दिया है। जल्द ही इसका शासनादेश हो जाएगा। इसके बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मोहन चंद्र पलड़िया,
अधिशासी अभियंता,
लोनिवि, चंपावत खंड।

क्या कहती है सेनानी उत्तराधिकारी समिति:
सेनानी स्मारक का काम बीते दो साल से लटका हुआ था। अलबत्ता अब मुख्यमंत्री घोषणा के अनुरूप नए निर्माण के लिए विभागीय व्यय समिति के अनुमोदन होने से सेनानी स्मारक बनने की राह प्रशस्त हो गई है। शासनादेश होने के बाद काम शुरू हो सकेगा।
महेश चंद्र चौड़ाकोटी, जिलाध्यक्ष,
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण समिति।

© 2026. All Rights Reserved.