DM, CM कैंप कार्यालय एवं विधायक प्रतिनिधि को चंपावत के राजकीय नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने दिया ज्ञापन
ढाई साल पूर्व मिला था आश्वासन, लेकिन नहीं हुई कोई कार्रवाई
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत के राजकीय नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने बीएससी नर्सिंग इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड की मांग की है। इसे लेकर उन्होंने DM मनीष कुमार, CM कैंप कार्यालय और विधायक प्रकाश तिवारी को 22 सितंबर को ज्ञापन सौंपा। छात्रों का कहना था कि फरवरी 2024 में उन्हें इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड दिए जाने को लेकर आश्वासन मिला था, लेकिन उसके बाद इस संबंध में आगे क्या कार्रवाई हुई। इसकी कोई स्पष्ट जानकारी विद्यार्थियों को नहीं दी गई।
लंबे समय से कार्रवाई का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे लगातार अपनी मांग को शांतिपूर्ण तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। कहा कि नोटिस जारी होने के बाद विद्यार्थियों ने मर्यादा का पूरा ध्यान रखते हुए अपने ड्यूटी आवर्स एवं अकादमिक समय का उपयोग किसी विरोध प्रदर्शन के लिए नहीं किया। अपनी नियमित शैक्षणिक एवं ड्यूटी संबंधी जिम्मेदारियों को प्रभावित किए बिना शांतिपूर्वक एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे की कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों तक अपनी मांग पहुंचा रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि इंटर्नशिप के दौरान वे नियमित रूप से अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी सेवाएं देते हैं, इसलिए उनकी स्टाइपेंड की मांग केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं, बल्कि उनके समय, श्रम और पेशेवर योगदान की मान्यता से भी जुड़ी है। विरोध जताने वालों में तमाम छात्र-छात्राएं थे।
© 2026. All Rights Reserved.