देरी से नाराज क्षेत्र के लोगों ने 2027 के विधानसभा चुनावों के बहिष्कार की चेतावनी दी
कुकड़ोनी के लोग सड़क का काम शुरू नहीं होने से हैं परेशान
देवभूमि टुडे
चंपावत। तल्लादेश क्षेत्र के कुकड़ोनी के ग्रामीणों का रोड का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। परेशान ग्रामीणों ने अब रोड नहीं बनने पर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है। आज सोमवार को हुई ग्रामीणों की बैठक में कहा गया कि सड़क नहीं बनने पर 2027 में होने वाले
विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 5 साल से करीब 14 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए सर्वे से आगे की प्रक्रिया नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। सड़क नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को तमाम तरह की दुश्वारी झेलनी पड़ रही है। इलाज के लिए 4 किलोमीटर तकक डोली का आसरा, पढ़ाई के लिए दूसरे गांव की दौड़ की मजबूरी है। रोड नहीं होने से बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। नतीजन लोग पलायन को विवश हैं। एक दशक पहले क्षेत्र के दो गांवों में 140 से अधिक परिवार निवास करते थे लेकिन इस वक्त 50 से 60 परिवार ही गांव में रह रहे हैं। बैठक में संजय बिष्ट, ठाकुर सिंह, रोहित सिंह, बचन सिंह, कमल सिंह, गोविंद सिंह, श्याम सिंह आदि मौजूद थे।
क्या कहते हैं अधिकारी:
सल्ली-कुकड़ोनी सड़क पीएमजीएसवाई फोर्थ फेज में मंजूर है। डीपीआर बनने के साथ अपलोड हो चुकी है। 14 किलोमीटर लंबी यह रोड 16.35 करोड़ रुपये से बनेगा। इस सड़क से कुकड़ौनी, बालीपीपल और आमखेत गांवों को लाभ मिलेगा। वन अनापत्ति की पत्रावली बनाया जा चुका है।
वीरेंद्र सिंह बोहरा,
अधिशासी अभियंता,
पीएमजीएसवाई, चंपावत खंड।

© 2026. All Rights Reserved.