बाराकोट क्षेत्र की बर्दाखाान-आली-बिसराड़ी रोड सुधारीकरण होने में देरी से ग्रामीण नाराज
6 किलोमीटर सड़क में से 3 किलोमीटर सड़क का सुधारीकरण होना बाकी
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। बाराकोट क्षेत्र की बर्दाखाान-आली-बिसराड़ी रोड सुधारीकरण होने में देरी से ग्रामीण नाराज हैं। काम में हो रहे विलंब से गुस्साए नागरिकों ने आज 26 जुलाई को प्रदर्शन किया। ग्रामीण कल 27 जुलाई को कलक्ट्रेट पहुंच सड़क के सुधारीकरण की मांग करेंगे।
बाराकोट के पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदा बल्लभ बगौली के नेतृत्व में सड़क पर उतरे ग्रामीणों ने कहा कि विभाग के आश्वासन के बावजूद सड़क सुधारीकरण का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। वर्ष 2005 में बनी 6 किलोमीटर लंबी सड़क में आली से बिसराड़ी तक के 3 किलोमीटर हिस्से का आज तक डामरीकरण नहीं हो सका है। सड़क के आधे हिस्से के कच्चा होने से ग्रामीणों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा गया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान भी सड़क का सुधारीकरण नहीं होने से ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया था। तब डीएम के आश्वासन से बहिष्कार का ऐलान वापस ले ग्रामीणों ने मतदान में हिस्सा लिया था। लेकिन तकरीबन एक साल बीतने के बावजूद भी सड़क सुधारीकरण की दिशा में कोई कार्यवाही नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार को चंपावत कलक्ट्रेट में समस्या उठाएंगे। फिर भी समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में शंकर सिंह चौधरी, पूरन नाथ, नारायण नाथ, शंकर नाथ, महेंद्र नाथ, कुंवर सिंह सहित कई ग्रामीण शामिल थे।
क्या कहते हैं अधिकारी:
बर्दाखान-बिसराड़ी-आली मोटर सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 292 लाख रुपये का आगणन शासन को भेजा गया था, लेकिन धनराशि अधिक होने से आगणन स्वीकृत नहीं हो पाया। मरम्मत कार्य का नए सिरे से आगणन को संशोधित कर फिर से शासन को भेजा गया है। शासन की मंजूरी के बाद कार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

हितेश कांडपाल,
अधिशासी अभियंता,
लोनिवि, लोहाघाट।
© 2026. All Rights Reserved.