Wednesday Aug 5, 2026

पानी की टंकी के निर्माण के दौरान हाइटेंशन लाइन से सरिया के टकराने से नेपाली मजदूर की जान गई

मजदूर गजेंद्र ठाकुर नेपाल के महेंद्रनगर क्षेत्र का निवासी था

काम के दौरान सुरक्षा मानकों पर उठ भी रहे सवाल

देवभूमि टुडे

चंपावत/पाटी। पाटी नगर पंचायत के जौलाड़ी गांव में पानी की टंकी निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सरिया सीधा करते वक्त एक नेपाली मजदूर एकाएक हाईटेंशन बिजली लाहन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

 

जल जीवन मिशन के अंतर्गत जौलाड़ी में पानी की टंकी का काम चल रहा था। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के लोहाघाट के उप खंड अभियंता मयंक भट्ट ने बताया कि इसी दौरान टंकी की सरिया को सीधा करते वक्त सरिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। मजदूर गजेंद्र ठाकुर (20) पुत्र गोपी ठाकुर निवासी महेंद्रनगर नेपाल करंट से झुलस गया। गजेंद्र को आननफानन में पाटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। पंचनामा भरने के बाद पाटी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेज दिया है।

घटना के वक्त काम करा रही एजेंसी जल संस्थान का कोई प्रतिनिधि वहां मौजूद था या नहीं, अभी यह पता नहीं चल सका है। काम के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों और कैसे हुई? किसकी लापरवाही और किसकी जिम्मेदारी है, यह जांच के बाद पता चलेगा। वहीं जल संस्थान के अधिशासी अभियंता का फोन रिसीव नहीं होने से विभागीय पक्ष का पता नहीं चल सका है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.