टनकपुर पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंपावत माली के पास हुआ दर्दनाक हादसा
पाटी के पशुपालन अस्पताल के फार्मासिस्ट अरविंद जोशी बुरी तरह जख्मी, जबकि दूसरी बाइक में सवार विनोद सिंह बोहरा को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया
मृतक देव सिंह रावत चंपावत के छतार में रेस्टोरेंट चलाते थे
देवभूमि टुडे
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंपावत मादली के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद एक बाइक के डंपर की चपेट में आने से दुर्घटना हुई। बाइक में सवार दूसरे घायल पाटी के पशुपालन अस्पताल के फार्मासिस्ट बुरी तरह जख्मी हो गए। वहीं दूसरी बाइक में सवार युवक मामूली रूप से चोटिल हुआ। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। एक घायल को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरातफरी मची।


जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक NH पर चंपावत मादली में एक मोटर्स शोरूम के नजदीक आज 2 अक्टूबर की शाम करीब पौने 5 बजे दर्दनाक सड़क हुआ। पहले दो बाइकों में सीधी भिड़ंत हुई। फिर इसी बीच रोड पर गिरी बाइक वहां से गुजर रहे एक डंपर की चपेट में आ गई। इस बाइक में सवार दो लोगों में से एक की मौत और दूसरा घायल हो गया।
बाइक सवार छतार के एक रेस्टोरेंट संचालक देव सिंह रावत (42) पुत्र जोत सिंह हाल निवासी निकट माउंट कार्मल स्कूल कफलांग चंपावत की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक अन्य बाइक सवार पाटी के पशुपालन अस्पताल के फार्मासिस्ट अरविंद जोशी (50) पुत्र स्वर्गीय भवानी दत्त जोशी बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं दूसरी बाइक में सवार विनोद सिंह बोहरा (24) पुत्र इंद्र सिंह निवासी गोरलचौड़ चंपावत को DH में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। देव सिंह रावत के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया है कि रेस्टोरेंट संचालक रावत की पत्नी का भी कुछ समय पहले निधन हुआ था। उनके दो छोटे बच्चे हैं।


© 2026. All Rights Reserved.