पीलीभीत जिले के अमरिया से चाचा, चाची के साथ आई थी नाबालिग
टनकपुर कोतवाली में जीरो एफआईआर
डीएनए जांच के लिए नमूना लिया
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। मां पूर्णागिरी देवी के दर्शन कर परिजनों के साथ लौट रही एक नाबालिग ने अविकसित शिशु को जन्म दिया। जन्म के साथ ही शिशु की मौत भी हो गई। टनकपुर कोतवाली में अनजान आरोपित के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक पीलीभीत जिले के अमरिया से चाचा, चाची के साथ आई नाबालिग ने पूर्णागिरी देवी दर्शन किए। दर्शन से लौटने के बाद 15 साल की किशोरी की तबीयत बिगड़ी। किशोरी को आज 16 जून को टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां किशोरी ने शिशु को जन्म दिया। उप जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. प्रभा जोशी ने बताया कि नाबालिग ने करीब 6 माह के शिशु को जन्म दिया, लेकिन अविकसित शिशु की तुरंत मौत हो गई। डीएनए जांच के लिए नमूना लिया गया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना टनकपुर कोतवाली को दी। टनकपुर पुलिस के मुताबिक इस मामले में जीरो एफआईआर की गई है। केस को पीलीभीत जिले के संबंधित थाने ट्रांसफर किया जा रहा है।
© 2026. All Rights Reserved.