चंपावत के अटल उत्कृष्ट शहीद राहुल रैंसवाल जीआईसी के 8 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया
जीआईसी के चार कक्षों के निर्माण के लिए 1.28 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा गया
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत के अटल उत्कृष्ट शहीद राहुल रैंसवाल जीआईसी के 8 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सीएम कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने आज 12 मई को हुए प्रतिभावान छात्र सम्मान समारोह में इन विद्यार्थियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सृष्टि महर, राहुल बोरा, सौरभ उपाध्याय, निर्मल भट्ट, ममता जोशी, वंदित पांडेय, अंकित जोशी एवं आयुष्मान उप्रेती शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत के बच्चे शिक्षा, खेल एवं तकनीकी क्षेत्र में उम्दा प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

नोडल अधिकारी बृजवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आदर्श चंपावत परिकल्पना के अंतर्गत जिले में शिक्षा, खेल एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर काम कर रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं हाईटेक शिक्षा का माहौल मिल सके। कहा कि विद्यालय में चार कक्षों के निर्माण के लिए 1.28 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा गया है।
इस प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए 29 मई को शासन स्तर पर बैठक होगी। साथ ही अभिभावकों के लिए प्रतीक्षालय निर्माण के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग को तत्काल एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने बताया कि इस वक्त जीआईसी में 775 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। विद्यार्थियों ने एनसीईआरटी की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की पुस्तकें उपलब्ध नहीं होने की समस्या रखी। जिस पर मुख्य शिक्षाधिकारी को तत्काल पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
© 2026. All Rights Reserved.